झारखंड में DC बनाम सांसद:देवघर DC के निर्देश पर निशिकांत दुबे पर एक दिन में 5 केस दर्ज,

सांसद का पलटवार- ये बाल सुलभ हरकत

देवघर DC और गोड्‌डा सांसद के बीच AIMS में OPD के उद्घाटन के दौरान भी विवाद हुआ था। इसके कारण कार्यक्रम टालना पड़ा था। (फाइल फोटो)

झारखंड के देवघर उपायुक्त (DC) मंजूनाथ भजंत्री बनाम BJP सांसद निशिकांत दुबे के बीच जुबानी जंग अब थाने तक पहुंच गई है। DC के खिलाफ सोशल मीडिया पर लिखने के लिए गोड्‌डा सांसद पर जिले के विभिन्न थानों में 5 केस दर्ज किए गए हैं।

मधुपुर विधानसभा उप-चुनाव के दाैरान सांसद ने DC की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कई पोस्ट किए थे। उन्हीं काे आधार बनाते हुए नगर थाना, देवीपुर थाना, बुढैई थाना, मधुपुर थाना व चितरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

केस दर्ज होने के बाद सांसद ने अपनी प्रतिक्रिया भी सोशल मीडिया पर दी है। उन्होंने कहा- “सभी कार्यकर्ता शांति बनाए रखें। जितना केस मुकदमा हाे, उतना ही खुशी मनाइए। देवघर DC बाल सुलभ हरकत करते हैं, हमारा और आपका मनोरंजन होता है, उनका दूध-भात। जय भाजपा।”

DPRO और ‌BDO के बयान पर दर्ज हुआ है केस

नगर थाने में DPRO रवि कुमार के बयान पर देवीपुर थाने में, देवीपुर में BDO अभय कुमार के बयान पर, मधुपुर थाने में BDO राजीव कुमार सिंह के बयान पर एक और चितरा थाने में सारठ BDO पल्लवी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज हुई है।

BJP का आरोप- सरकार के इशारे पर केस किया

प्रदेश BJP अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा- ‘राज्य सरकार के इशारे पर देवघर DC ने तुगलकी निर्णय लेते हुए सांसद निशिकांत दुबे पर प्रतिशोध में फर्जी प्राथमिकी करवाई है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। DC का यह रवैया व्यक्ति विशेष के प्रति उनके विद्वेष भाव को दिखाता है।’

DC और सांसद की पुरानी है अदावत, दो उदाहरण से समझिए

मधुपुर उपचुनाव में काउंटिंग से पहले हटाए गए थे भजंत्री

मधुपुर उपचुनाव की मतगणना से पहले वहां के जिला निर्वाचन पदाधिकारी और देवघर के DC रहे मंजूनाथ भजंत्री को चुनाव आयोग की तरफ से हटा दिया गया था। उनकी जगह पर नैंसी सहया को DC बनाया गया था। उस दौरान भी ‌‌‌BJP नेताओं ने देवघर DC रहे मंजूनाथ भजंत्री के खिलाफ पक्षपात का आरोप लगाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त को संबोधित ज्ञापन राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के रवि कुमार को सौंपा था।

देवघर AIMS के OPD के उद्घाटन के दौरान भी हुआ था विवाद

देवघर DC मंजूनाथ भजंत्री और निशिकांत दुबे के बीच AIMS के OPD के उद्घाटन के दौरान भी विवाद हुआ था। सांसद इस कार्यक्रम में सशरीर उपस्थित होना चाहते थे, लेकिन DC मंजूनाथ भजंत्री उन्हें वर्चुअल एंट्री देने पर अड़े थे। इसी के कारण 26 जून काे हाेने वाला उद‌्घाटन कार्यक्रम टालना पड़ा था।

जानिए, सांसद की किस टिप्पणी पर कहां दर्ज हुई है प्राथमिकी

नगर थाना : गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने 11 अप्रैल 2021 को अपने सोशल मीडिया अकाउंट से ट्वीट कर उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री को JMM कार्यकर्ता की तरह विधानसभा उप चुनाव में काम करने की बात कही थी। इस पोस्ट पर प्राथमिकी दर्ज हुई है।चितरा थाना : 8 अप्रैल 2021 को विभिन्न मीडिया संस्थानों में विज्ञापन मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सचिव मंत्रिमंडल निर्वाचन विभाग झारखंड रांची के पत्रांक 01/नि. (वि. स.) 16-03/20-21/1023 दिनांक 7.04.2021 में जनहित निर्देशों एवं शर्तों का उल्लंघन करते हुए प्रकाशित कराया गया था।मधुपुर थाना: दर्ज प्राथमिकी में जिक्र किया है कि 15 अप्रैल 2021 को सांसद ने इरफान अंसारी को भगोड़ा बताया। इस तरह का बयान उपचुनाव के समय संप्रदाय विशेष के बीच आक्रोश का माहौल तैयार हुआ।देवीपुर थाना: BDO ने भड़काऊ भाषण के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई है।बुढैई थाना: सोशल मीडिया पर आदर्श आचार-संहिता के उल्लंघन पर दिए गए आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

खबरें और भी हैं…

Related Articles

Back to top button