मिशन 2022: इन वादों के साथ जनता के बीच जाएंगे ओम प्रकाश राजभर, जानिए पूरी रणनीति

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर विधानसभा चुनाव में घरेलू बिजली (300 यूनिट तक) और स्नातकोत्तर तक सबको शिक्षा के साथ ही महिलाओं को राजनीति और नौकरियों में 50 फीसदी आरक्षण के वादे के साथ विधानसभा चुनाव में जनता के बीच जाएंगे। उन्होंने कहा है कि जब गुजरातियों का लाख करोड़ रुपये, बाबा रामदेव का 2200 करोड़ रुपये माफ किया जा सकता है तो प्रदेश के लोगों के बकाये बिजली बिल 564 करोड़ क्यों नहीं माफ किया जा सकता है।

विधानसभा चुनाव में जनता ने सुभासपा की अगुवाई वाले भागीदारी संकल्प मोर्चा को सरकार बनाने का मौका दिया तो बकाया बिजली का बिल माफ किया जाएगा। राजभर ने ये बातें शुक्रवार को दारूलसफा में आयोजित मध्यांचल, बुंदेलखंड तथा पश्चिम के पदाधिकारियों की बैठक में कही।

उन्होंने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को सामाजिक न्याय समिति की रिपोर्ट से अवगत कराया। कहा कि लोगों को जागरूक करें ताकि सामाजिक न्याय समिति की रिपोर्ट को लागू कराने को बल मिल सके। जातिवार जनगणना के लिए भी जागरूकता अभियान चलाने को कहा। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से सरकार बनी तो सबको मुफ्त में चिकित्सा की सुविधा भी दी जाएगी। समाज के शोषित वंचित पिछड़े अति पिछड़े, दलित तथा अल्पसंख्यक वर्ग को एक समान एक अधिकार दिया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष सुनील अर्कवंशी ने इस बैठक की अध्यक्षता की। राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव अरविंद राजभर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रेमचंद प्रजापति, अरुण राजभर, राष्ट्रीय सचिव संतोष पांडे, तेज सिंह, बल्ली चौधरी तथा कालूराम प्रजापति के साथ ही दयाराम भार्गव, पीयूष मिश्रा, रमाकांत कश्यप, सीपी निषाद, राजीव सिंह अर्कवंशी आदि ने विचार व्यक्त किए। इस बैठक में गुलाब सिंह खंगार को बुंदेलखंड का प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया गया।

Related Articles

Back to top button