मेरठ : पति ने घर से निकाला, मासूम बेटी को लेकर ससुराल के बाहर धरने पर बैठी महिला

मेरठ। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार की रात उस समय हंगामा खड़ा हो गया। जब एक महिला अपनी नौ महीने की बेटी के साथ ससुराल के बाहर धरना देकर बैठ गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाते हुए फिलहाल महिला को उसके मायके वापस भेज दिया है। शास्त्रीनगर निवासी काजल की शादी वर्ष 2019 में कंकरखेड़ा श्रद्धापुरी निवासी गौरव गुप्ता के साथ हुई थी।

काजल के मुताबिक उसका पति गौरव एक स्पोर्ट्स कंपनी में कर्मचारी है। काजल का आरोप है कि जब वह दो माह की गर्भवती थी तो लगभग डेढ़ साल पहले उसके पति ने उसे घर से निकाल दिया था। जिसके बाद से वह अपने मायके में रह रही है। वर्तमान समय में काजल की नौ महीने की बेटी भी है। उसके पति ने आज तक अपनी बेटी की शक्ल भी नहीं देखी है। शुक्रवार की शाम को काजल अपनी बेटी को गोद में लेकर ससुराल जा धमकी और अपनी ससुराल में रहने की बात पर अड़ गई। जिसके बाद महिला की ससुराल में हंगामा खड़ा हो गया। ससुराल वालों ने महिला को घर में रखने से इनकार किया तो वह रात को ससुराल के बाहर धरना देकर बैठ गई।

जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई। थाने में भी दोनों पक्षों के बीच जमकर तकरार हुई।

इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा बिजेंद्र सिंह राणा ने बताया कि महिला का अपने पति से विवाद चल रहा है। जिसके चलते उनका मामला परामर्श केंद्र में विचाराधीन है। लिहाजा फिलहाल महिला को उसके मायके वापस भेज दिया गया है। परामर्श केंद्र से फैसला आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Related Articles

Back to top button