म.प्र. उपचुनाव: मतगणना शुरू, जानिए कब तक आएंगे 28 सीटों के नतीजे

भोपाल। प्रदेश की 28 सीटों पर उपचुनाव के लिए मतगणना आज शरु हो गई। कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना सुबह आठ बजे से 19 जिला मुख्यालयों पर प्रारंभ हो चुकी है। सुरक्षा के लिए ग्वालियर-भिंड और मुरैना में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है। जानकारों के अनुसार उपचुनाव के नतीजे दोपहर बाद आने की संभावना है।

उपचुनाव में 27 हजार मतदाताओं ने डाक मतपत्रों से मताधिकार का उपयोग किया। इनके लिए चुनाव आयोग ने 34, 546 डाक मतपत्र जारी किए थे। प्रत्येक चक्र की गणना को तभी पूरा माना जाएगा, जब सभी उम्मीदवार इससे संतुष्ट होंगे। इसके बाद अगले चक्र की गणना की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की पांच-पांच वोटिंग वैयरीफायबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपेट) की पर्चियों से इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में दर्ज मतों की गणना की जाएगी। इससे यह स्पष्ट होगा कि जो मत ईवीएम में दर्ज हैं, वह सही हैं।

2003 के बाद पहली बार 28 सीटों पर उपचुनाव
प्रदेश में 2003 के विधानसभा चुनाव के बाद से 16 सालों में 31 उपचुनाव हुए परन्तु यह पहला मौका है, जब एक साथ 28 सीटों के उपचुनाव सत्ता का भविष्य तय करेंगे। भाजपा में आए 22 विधायकों में से 12 इस समय सरकार में मंत्री हैं, दो पूर्व मंत्री भी मैदान में हैं। अधिकारियों के अनुसार ग्वालियर और चंबल संभाग की 16 सीटों की संवेदनशीलता को देखते हुए चुनाव आयोग ने अतिरिक्त बल तैनात किये हैं। इसके साथ ही मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय कैमरों के जरिये सीधे नजर रखेगा। मतगणना स्थल पर बिना मास्क के किसी व्यक्ति को प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके साथ ही शरीर का तापमान लेने के बाद ही अभ्यर्थी और उनके अभिकर्ताओं को मतगणना स्थल पर प्रवेश दिया जाएगा। अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अरुण कुमार के अनुसार बड़ी स्क्रीन मतगणना स्थल पर लगाई जा रही है। इसके जरिए प्रत्येक चक्र की गणना के नतीजे पता चल सकेंगे।

Related Articles

Back to top button