लखनऊ : कृषि विधेयक पर भ्रान्तियां फैला रहा विपक्ष : अनिल जैन

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य और पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री डा. अनिल जैन ने सोमवार को यहां कहा कि कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दल कृषि विधेयक पर देश में भ्रांतियां फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश का किसान सबकुछ जानता है। वह सही समय पर इन सबको सही जवाब देगा।

पार्टी के राज्य मुख्यालय पर पत्रकारों से एक वार्ता के दौरान डा. जैन ने आज कहा कि जब से नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बने हैं, समूचा विपक्ष उन्हें पचा नहीं पा रहा है। प्रधानमंत्री के खिलाफ रोज नई साजिश की जा रही है।

कांग्रेस पर जमकर हमला बोलते हुए भाजपा नेता ने कहा कि अन्य दलों के साथ मिलकर कांग्रेस के लोग देश में असहिष्णुता का वातावरण तैयार कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस बात की चिंता अधिक सता रही है कि एक साधारण परिवार का नागरिक देश का प्रधानमंत्री कैसे बन गया है ? उन्होंने कहा कि कांग्रेस के हिसाब से देश का एक ही परिवार प्रधानमंत्री बनने की योग्यता रखता है।

कृषि विधेयक बिल की चर्चा करते हुए डा. जैन ने कहा कि यह किसानों के हित में है। इसके तहत न एमएसपी खत्म हो रही है और न ही मंडी समितियां समाप्त हो रही हैं, बल्कि इस बिल के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी देश के किसानों को सशक्त बनाने जा रहे हैं। इससे किसानों का शोषण समाप्त होगा।

Related Articles

Back to top button