लखीमपुर में अरदास शुरू…5 राज्यों से 50 हजार किसान पहुंचे,

प्रियंका सीतापुर में रोकी गईं; जयंत चौधरी को बरेली में 1 घंटे नजरबंद रखा

लखीमपुर हिंसा में मारे गए चार किसानों की आत्मा की शांति के लिए मंगलवार को तिकुनिया में अंतिम अरदास (श्रद्धांजलि सभा) शुरू हो गई है। घटनास्थल से करीब एक किमी की दूरी पर 30 एकड़ भूमि पर यह कार्यक्रम चल रहा है। कार्यक्रम में यूपी के अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और छत्तीसगढ़ से करीब 50 हजार किसान पहुंचे हैं।

सबसे पहले पलिया से आए रागी जत्थे ने गुरवाणी का बखान कर संगत को निहाल किया। कार्यक्रम में मृतक किसानों के परिवार वालाें और घायल किसानों को भी बुलाया गया है।

अरदास में शामिल होने के लिए कई सियासी नेता भी पहुंचने वाले हैं। प्रियंका गांधी लखीमपुर निकल चुकी हैं। लेकिन उन्हें सीतापुर में रोक लिया गया है। रालोद नेता जयंत चौधरी भी आ रहे हैं। हालांकि संयुक्त मोर्चा ने ऐलान किया है कि अरदास कार्यक्रम के मंच पर कोई सियासी नेता नहीं बैठेगा। जो भी नेता इस कार्यक्रम में आएगा वह पब्लिक के साथ बैठेगा।

भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के प्रवक्ता राकेश टिकैत सोमवार की रात में ही कार्यक्रम स्थल पहुंच चुके हैं। श्रद्धांजलि सभा में किसान जुटने लगे हैं। यहां कौड़ियाला घाट गुरुद्वारा में रविवार से ही अखंड पाठ चल रहा है। कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए विशेष पुलिस जांच कमेटी के DIG उपेंद्र अग्रवाल, DM अरविंद चौरसिया और SP विजय ढुल ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।

LIVE अपडेट्स

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के काफिले को सीतापुर में पुलिस ने रोका। उन्हें तीन गाड़ियों के साथ लखीमपुर जाने की परमिशन मिली है। उनके साथ हरियाणा के कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्‌डा भी हैं।RLD अध्यक्ष जयंत चौधरी को बरेली एयरपोर्ट पर करीब एक घंटे नजरबंद कर रखा गया। बाद में जाने की परमिशन मिली है। इस दौरान रालोद कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट के बाहर प्रदर्शन भी किया।दिल्ली सिख गुरद्वारा प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष मनजिंदर सिंह सिरसा को पीलीभीत के बॉर्डर पर पुलिस ने रोका है। मनजिंदर सिंह अकाली दल के राष्ट्रीय प्रवक्ता भी हैं।

अरदास कार्यक्रम में पहुंचे किसान नेता योगेंद्र यादव।

लखनऊ से प्रियंका गांधी लखीमपुर के लिए निकल चुकी हैं। उनके साथ हरियाणा के नेता दीपेंद्र हुड्‌डा भी हैं।

पहले शबद कीर्तन फिर लोग देंगे श्रद्धांजलि
राष्ट्रीय अध्यक्ष भारतीय सिख संगठन जसवीर सिंह ने बताया कि अरदास कार्यक्रम जारी है। लोग मृत किसानों को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। सबसे पहले शबद कीर्तन हो रहा है। इसके बाद किसान नेता शहीद किसानों को श्रद्धा सुमन अर्पित कर अपनी-अपनी बात रखेंगे। अंतिम अरदास में शामिल होने के लिए सोमवार रात से ही राकेश टिकैत, जोगेंदर सिंह और सरिता समेत कई किसान नेताओं का यहां आना शुरू हो गया था।

लोगों की संख्या को देखते हुए घटनास्थल से 500 मीटर दूर कक्कड़ फार्म हाउस पर दूसरे प्रदेश से आ रहे किसानों के रुकने का इंतजाम किया गया है। इसके लिए यहां करीब 30 एकड़ धान की फसल को कटवाकर टेंट लगवा दिया गया है।

कार्यक्रम स्थल पर संयुक्त मोर्चा के नेता डॉक्टर दर्शनपाल सिंह (दाएं से पहले) व अन्य।

गुरुद्वारे के साथ-साथ कई जगह चलेगा लंगर
राम सिंह ढिल्लन ने बताया कि कक्कड़ फार्म हाउस पर किसानों के रुकने और लंगर की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही लखीमपुर आने जाने वाले रास्तों पर भी लंगर की व्यवस्था की गई है। दूर से आने वाले किसानों के लिए लंगर के लिए गुरुद्वारे में व्यवस्था की गई है।

13 जिलों में पुलिस अलर्ट
शहीद किसानों की अंतिम अरदास में बड़ी संख्या में किसानों के जुटने की संभावना है। इसे देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने 13 जिलों में 20 वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की अगुआई में पुलिस बल को तैनात किया है। ये किसानों की पल-पल की गतिविधियों पर नजर रखेंगे। साथ ही कानून व्यवस्था को हाथ में लेने वालों पर सख्त कार्रवाई करेंगे। इसके लिए उन्हें अपने-अपने जिलों में कैंप करने के आदेश दिए गए हैं।

तिकुनिया में आईजी जोन लक्ष्मी सिंह और पुलिस के अन्य बड़े अधिकारी।

खबरें और भी हैं…

Related Articles

Back to top button