खत्म नहीं हुई कोरोना की दूसरी लहर

सरकार की चेतावनी- फेस्टिवल सीजन में लापरवाही न बरतें, घर में त्योहार मनाएं; दोनों डोज के बाद ही जरूरी हो तो कहीं जाएं

केंद्र सरकार ने फेस्टिवल सीजन से पहले एक बार फिर कोरोना को लेकर लोगों को आगाह किया है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि अभी भी दूसरी लहर खत्म नहीं हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने त्योहारों के दौरान सामूहिक समारोहों से बचने की सलाह दी है।

भूषण ने कहा कि अगर किसी सामारोह में जाना जरूरी हो तो पूरी तरह से वैक्सीनेशन के बाद ही जाएं। स्वास्थ्य सचिव ने लोगों को घर पर त्योहार मनाने, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने और वैक्सीनेशन को अपनाने की सलाह दी।

42 जिलों में रोजाना 100 से ज्यादा मामले आ रहे
भूषण ने आगे बताया कि 10 मई के बाद से देश में कोरोना पॉजिटिविटी रेट में गिरावट आई है। उन्होंने यह भी कहा कि देशभर में पिछले हफ्ते आए कोरोना के कुल मामलों में से 69% मामले सिर्फ केरल से आए हैं। वहां फिलहाल एक लाख से ज्यादा एक्टिव केस हैं। जून में 279 जिलों में रोज 100 से ज्यादा केस मिल रहे थे। अभी भी 42 जिलों में कोरोना के रोज 100 से ज्यादा नए मामले सामने आ रहे हैं।

4 राज्यों में एक्टिव केस की संख्या 10 हजार से एक लाख के बीच
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में एक्टिव केस की संख्या 10 हजार से एक लाख के बीच है। बाकी राज्यों में यह संख्या 10 हजार के नीचे है। देश में अब तक कोरोना के डेल्टा वैरिएंट के करीब 300 केस सामने आएं हैं।

देश की सिर्फ 16% आबादी को लगे हैं वैक्सीन के दोनों डोज
देश की 54% वयस्क आबादी ने वैक्सीन का पहला डोज लगवाया है। 16% वयस्क आबादी ने वैक्सीन के दोनों डोज ले लिए हैं। सिक्किम, दादरा और नगर हवेली और हिमाचल प्रदेश की 18 साल से अधिक उम्र की 100% आबादी ने वैक्सीन का पहला डोज लगवा लिया है। सिक्किम में 36%, दादरा और नगर हवेली में 18% और हिमाचल प्रदेश में 32% आबादी ने वैक्सीन का दूसरा डोज लगवा लिया है।

मिजोरम, लक्षद्वीप, दमन और दीव, लद्दाख और त्रिपुरा में 85% से ज्यादा आबादी को वैक्सीन का पहला डोज लग चुका है। अगस्त के ही महीने में देश में 18.38 करोड़ लोगों को वैक्सीन डोज लगे हैं। अगस्त में रोजाना औसतन 59.29 लाख लोगों को वैक्सीन लगाई गई है। इस महीने के आखिरी हफ्ते में रोजाना 80 लाख से अधिक डोज लगाए जा रहे थे।

वीकली पॉजिटिविटी रेट 3% से कम
ये 9वां हफ्ता है जब देश में वीकली पॉजिटिविटी रेट 3% से कम रहा है। देश के 38 जिलों में वीकली पॉजिटिविटी रेट 5-10% के बीच है। स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने बताया कि सभी देश अपनी जनसंख्या, अर्थव्यवस्था और सामाजिक व्यवस्था को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से काम करते हैं। हम इन उद्देश्यों को पूरा करने के बाद वैक्सीन को दूसरे देशों को देने के बारे में सोचेंगे।

स्वास्थ्य मंत्री ने केरल से सटे राज्यों का हाल जाना
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने केरल की सीमा से लगे तमिलनाडु और कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्रियों से बात की। उन्होंने केरल में बढ़ते मामलों के साथ, कोविड​​​​-19 को दूसरे राज्यों में फैलने से रोकने के लिए पर्याप्त कदम उठाने को कहा।

नीति आयोग के सदस्य और कोविड-19 टास्क फोर्स के प्रमुख डॉ. वीके पॉल ने कहा कि गणेश चतुर्थी, दीपावली और ईद आने वाले हैं। हम सभी से घर पर रहने और सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाने की अपील करते हैं।

Related Articles

Back to top button