कर्नाटक : येदियुरप्पा से मुलाकात के बाद श्रीरामुलु ने स्वीकारी मंत्रिमंडल की नई जिम्मेदारी

बेंगलुरु। मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा से मुलाकात के बाद मंत्री बी श्रीरामुलु ने मंत्रिमंडल में अपनी नई जिम्मेदारी को स्वीकार कर लिया है।

मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने मंगलवार को श्रीरामुलु और नए स्वास्थ्य मंत्रालय के नए मंत्री सुधाकर को अपने आवास पर बुलाया था। मुख्यमंत्री ने दोनों मंत्रियों के साथ चर्चा की। इसके बाद श्रीरामुलु संतुष्ट हो गए और समाज कल्याण मंत्रालय संभालने को राजी हो गए।

मंत्री सुधाकर के साथ मुख्यमंत्री आवास से बाहर निकलने पर श्रीरामुलु ने कहा कि मुख्यमंत्री ने मुझे और मेरे मित्र सुधाकर को बुलाया और लोगों के हित में साथ मिलकर काम करने को कहा। मैंने समाज कल्याण मंत्रालय की जिम्मेदारी प्रसन्नतापूर्वक स्वीकार कर ली है। श्रीरामुलु ने कहा कि मुझे अनुसूचित जाति जनजाति और गरीबों के लिए काम करना है।

उल्लेखनीय है कि सोमवार को मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने अपने मंत्रिमंडल में फेरबदल किया था। श्रीरामुलु को मंत्रिमंडल से स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय का प्रभार वापस लेकर उन्हें समाज कल्याण मंत्रालय सौंपा था। लेकिन माना जा रहा था कि श्रीरामुलु इससे नाराज थे। श्रीरामुलु ने सोमवार को पूरे दिन अपने सहयोगियों के साथ गोपनीय बैठकें की थीं। श्रीरामुलु प्रदेश भाजपा में अनुसूचित जनजाति के प्रमुख नेता हैं।

Related Articles

Back to top button