कर्नाटक कांग्रेस में तूफान:मीडिया कोऑर्डिनेटर ने प्रदेश अध्यक्ष को उगाही करने वाला बताया,

वीडियो सामने आने के बाद 6 साल के लिए निलंबित

कांग्रेस के पूर्व सांसद वीएस उगरप्पा और मीडिया कोऑर्डिनेटर एमए सलीम अहमद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिवकुमार के बारे में बात कर रहे थे। उनकी बातचीत का वीडियो रिकॉर्ड हो गया।

एक वीडियो क्लिप की वजह से कर्नाटक कांग्रेस में तूफान मच गया है। वीडियो क्लिप में कांग्रेस के पूर्व सांसद वीएस उगरप्पा और प्रदेश के मीडिया कोऑर्डिनेटर एमए सलीम अहमद, प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार और उनके सहयोगियों के कथित भ्रष्टाचार की बात कर रहे हैं। दोनों नेता उस वक्त एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद थे। इस दौरान दोनों फुसफुसाकर बात कर रहे थे, लेकिन सामने माइक रखे होने की वजह से सारी बातें सुनाई दे गईं। दोनों नेता इस बात से अनजान थे कि उनका कहा रिकॉर्ड हो रहा है।

उनकी बातचीत का यह वीडियो BJP के आईटी सेल के हेड अमित मालवीय ने बुधवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। मालवीय ने लिखा कि दोनों नेता बात कर रहे हैं कि कैसे पार्टी अध्यक्ष डीके शिवकुमार रिश्वत लेते हैं और उनके एक करीबी ने कलेक्शन से 50 से 100 करोड़ की कमाई की है। वे यह भी बात कर रहे हैं कि कैसे बात करते समय शिवकुमार हकलाते हैं, मानो नशे में हों।

क्या है वीडियो में?
वीडियो में सलीम को कहते सुना जा सकता है कि शिवकुमार सिर्फ उगाही करने वाले व्यक्ति हैं। पहले कमीशन में 6 से 8% लिए जाते थे, लेकिन डीके शिवकुमार के आने के बाद उन्होंने इसे 12% कर दिया। ये सभी डीके का एडजस्टमेंट है। यह एक घोटाला है। उसके सहयोगी ने लगभग 50-100 करोड़ रुपए कमाए हैं। सोचिए कि डीके ने कितना कमाया होगा।

डी शिवकुमार राहुल गांधी के करीबी माने जाते हैं और वे राहुल को पार्टी अध्यक्ष बनाने की मांग करते रहे हैं।

मीडिया कोऑर्डिनेटर 6 साल के लिए निलंबित
यह मामला सामने आने के बाद उगरप्पा ने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार का समर्थन नहीं कर रही है, खासकर डीके शिवकुमार। वह एक बहुत अच्छे लीडर हैं। उन्होंने कारोबार में पैसा कमाया है। पार्टी ने इस जानकारी को साझा करने के लिए सही जगह नहीं चुनने पर सलीम के खिलाफ कार्रवाई की है।

कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने वीएस उगरप्पा को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया है। एमए सलीम अहमद को 6 साल के लिए निलंबित कर दिया गया है। इससे पहले शिवकुमार ने कहा था कि वह इस मामले पर टिप्पणी नहीं करना चाहते, लेकिन अनुशासन समिति सख्त कार्रवाई करेगी।

उगरप्पा बोले- सलीम तो भाजपा के आरोप बता रहे थे
उगरप्पा ने अपने जवाब में साफ किया कि सलीम उन्हें भाजपा की ओर से लगाए जा रहे आरोपों (शिवकुमार के खिलाफ) के बारे में बता रहे थे। उगरप्पा ने कहा कि मैं कल एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में था। वहां हमारे मीडिया कोऑर्डिनेटर सलीम मुझे बता रहे थे कि कुछ लोग कह रहे हैं कि डीके शिवकुमार के लोग पैसे ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद मैंने सलीम से बात की। उन्होंने साफ कहा कि वे भाजपा के आरोपों की बात कर रहे थे। आप भी उनसे बात कर सकते हैं। अगर आप (मीडिया) उनसे सवाल करते हैं, तो बेहतर होगा कि आपके पास जानकारी हो। इसलिए मैंने आपको बताया।

राहुल के करीबी हैं शिवकुमार
हाल में डीके शिवकुमार ने राहुल गांधी को पार्टी अध्यक्ष बनाए जाने की वकालत की थी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की यही मांग है कि राहुल गांधी कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभालें। उन्होंने जब से इस्तीफा दिया है, तब से ही हम उन पर अध्यक्ष पद संभालने के लिए दबाव डाल रहे हैं। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की एकमत से यही राय है।

खबरें और भी हैं…

Related Articles

Back to top button