भारत की पहली महिला अंतरिक्ष यात्री कल्पना चावला की तेरहवीं पुण्यतिथि, श्रद्धांजलि की बाढ़

भारत की पहली महिला अंतरिक्ष यात्री और वैज्ञानिक कल्पना चावला की तेरहवी पुण्यतिथि पर देशभर में उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है। उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए केंद्रीय मंत्री धर्मेद्र प्रधान ने ट्वीट किया, ‘पहली भारतीय महिला अंतरिक्ष यात्री कल्पना चावला को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि! एक ऐसी बेटी, जिसने भारत को गौरवान्वित किया।’ वहीँ, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने ट्वीट कर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा ‘अंतरिक्ष अन्वेषण के दौरान उनके बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा। वह अपने समर्पण, कड़ी मेहनत और साहस से हमें प्रेरित करती रहती हैं।’

वहीँ, महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार ने भी ट्वीट कर कल्पना चावला को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा, ‘कल्पना चावला को उनके अविस्मरणीय उपलब्धि पर नमन जो हर महिला को उसके जुनून को हासिल करने के लिए प्रेरित करती है।’ राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा, ‘मैं आपसे कहना चाहूंगी कि अगर आपने सपना देखा है, तो उसका पीछा करें। यह बिल्कुल भी मायने नहीं रखता है कि आप महिला हैं, भारत से हैं या कहीं और से हैं।’ वहीँ, शिरोमणि अकाली दल के आधिकारिक पेज से ट्वीट किया गया, ‘कल्पना चावला को उनकी पुण्यतिथि पर श्रधांजलि। वे दुनिया भर की लड़कियों के लिए एक प्रेरणा रहेंगी।

गौरतलब है कि कल्पना चावला पहली भारतीय महिला अंतरिक्ष यात्री और राकेश शर्मा के बाद दूसरी भारतीय अंतरिक्ष यात्री थी। वे अंतरिक्ष में पहली बार साल 1997 में गयी थी। वर्ष 2003 में एक अंतरिक्ष अभियान को पूरा कर वापिस लौटते हुए उनका यान कोलंबिया स्पेस शटल जलकर टेक्सास में विघटित हो गया। इस हादसे में कल्पना चावला सहित उनके सभी छह साथियों की भी मृत्यु हो गयी थी। उनकी मृत्यु के बाद भारतीय सरकार के साथ साथ दुनिया भर में उन्हें कई सम्मानों से नवाज़ा गया था। इनमे एक एस्टेरोइड का नाम कल्पना के नाम पर रखना, एक भारतीय सेटेलाइट को कल्पना का नाम देना, न्यू यॉर्क शहर की एक गली को उनका नाम देना, NASA के सुपर कंप्यूटर को कल्पना का नाम देना भी शामिल है।

Related Articles

Back to top button