कौशाम्‍बी में जया बच्‍चन बीजेपी पर जमकर बरसी, कहा- मुंबई की भाषा में इन्‍हें फेंकू चंद कहते हैं

गंगा किनारे का छोरा जो है उसकी लाज तो आपको रखनी होगी

लखनऊ: समाजवादी पार्टी की राज्‍यसभा सांसद जया बच्‍चन और सपा की पूर्व सांसद डिंपल यादव शुक्रवार को सपा प्रत्‍याशी पल्‍लवी पटेल के समर्थन में जनसभा के लिए सिराथू पहंची। इस मौके पर उन्‍होंने सपा पर जातिवादी और परिवारवाद के आरोप का जवाब देते हुए सीएम योगी पर बड़ा हमला बोला। जया ने कहा कि यहां के सीएम ने तो परिवार त्‍याग दिया था। वे परिवार के बारे में क्‍या जानते हैं? वे क्‍या जानते हैं कि परिवार क्‍या होता है? बहू-बेटी क्‍या होती है। वे कहते हैं महिलाओं की सुरक्षा नहीं होती। ये सिर्फ झूठ बोलते हैं। ये लोग झूठ के सिवाय कुछ नहीं बोलते। मैं 15 साल संसद में रही हूं। इन लोगों ने झूठ के सिवाय कुछ नहीं कहा। ये जब सत्‍ता में हैं और जब नहीं थे तब भी महिलाओं के लिए एक शब्‍द नहीं कहा।

मुंबई भाषा में इनको फेंकू चंद कहते हैं

जया यहीं नहीं रुकीं। उन्‍होंने कहा ये ढोंगी लोग हैं। मुंबई भाषा में इनको फेंकूचंद कहते हैं। सिर्फ फेंकते रहते हैं, काम कुछ नहीं करते। पिछले पांच साल से काम कुछ नहीं किया। अखिलेश यादव जी जो काम करके गए हैं। बस उसे देख रहे हैं, काम कुछ नहीं किया। ताकत आप लोगों के पास है। आप जिसे चाहते हैं उसे ताकतवर बना सकते हैं। 27 तारीख को पूरा दम लगाकर देखिए क्‍या होता है।

गंगा किनारे का छोरा जो है उसकी लाज तो आपको रखनी होगी

जया ने कहा- ‘इस प्रदेश की छोटी बहू डिंपल यादव हैं। मैं अपने आपको बड़ी बहू मानती हूं क्‍योंकि जब अमिताभ जी यहां से चुनाव लड़ रहे थे तब मैंने कहा था कि आपकी बहू हूं पहली बार आई हूं। मुंह दिखाई में मेरे पति को वोट दीजिए। आज कहती हूं कि बड़ी बहू की लाज रख लीजिए। अपने भईया की भी लाज रख लीजिए। गंगा किनारे का छोरा जो है उसकी लाज तो आपको रखनी होगी। जया ने कहा कि ये आने वाले दिनों का संकेत है। वो जाएंगे और हम सब आएंगे।

जया ने अपने भाषण के अंत में ‘यूपी का लाल’ शीर्षक से एक कविता भी सुनाई। इस कविता में जया ने अखिलेश यादव को विकास का प्रतीक और जनता का सच्‍चा सेवक बताया।

Related Articles

Back to top button