आज का इतिहास:जीप स्कैम में बिना सबूत इंदिरा को गिरफ्तार किया,

इस 'ऑपरेशन ब्लंडर' ने जनता में इंदिरा के खिलाफ इमरजेंसी के गुस्से को सहानुभूति में बदल दिया

3 अक्टूबर 1977 को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को गिरफ्तार किया गया था। उन पर चुनाव प्रचार के लिए जीप की खरीदी में भ्रष्टाचार का आरोप था। कहा गया कि 1977 के लोकसभा चुनाव के दौरान रायबरेली में इंदिरा के लिए 100 जीपें खरीदी गई थीं। इनका भुगतान कांग्रेस ने नहीं बल्कि उद्योगपतियों ने किया था। साथ ही सरकारी पैसे का भी इस्तेमाल किया गया था। उस समय मोरारजी देसाई के नेतृत्व में जनता पार्टी की सरकार थी और गृहमंत्री चौधरी चरण सिंह थे।

माना जाता है कि इमरजेंसी में जिस तरह इंदिरा गांधी ने विरोधियों को परेशान किया, उनसे कई नेता नाराज थे। वे चाहते थे कि जिस तरह उन्हें जेल भेजा गया, वैसा ही इंदिरा के साथ भी किया जाए। चरण सिंह तो इसके लिए अड़ ही गए थे, जबकि मोरारजी देसाई कोई भी गैरकानूनी कदम नहीं उठाना चाहते थे। तब, 3 अक्टूबर को इंदिरा गांधी के खिलाफ सीबीआई ने एफआईआर दर्ज की और गिरफ्तार भी किया।

उन्हें बड़कल लेक गेस्ट हाउस में हिरासत में रखना था, लेकिन उन्हें किंग्सवे कैम्प की पुलिस लाइन में बनी ऑफिसर्स मेस में रखा गया। 4 अक्टूबर की सुबह मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया तो सामने आया कि इंदिरा के खिलाफ कोई सबूत नहीं है। तब तकनीकी आधार पर उन्हें बरी कर दिया गया।

1980 के चुनावों में इंदिरा गांधी की कांग्रेस को 353 सीटें मिली थीं। (प्रतीकात्मक फोटो)

जनता पार्टी की इस राजनीतिक भूल को ‘ऑपरेशन ब्लंडर’ कहा जाता है। इंदिरा को इसका नुकसान नहीं बल्कि फायदा हुआ। इमरजेंसी लगाने के कारण जनता में इंदिरा के खिलाफ गुस्सा था। जनता सरकार के इस कदम की वजह से इंदिरा के खिलाफ गुस्सा सहानुभूति में बदलने लगा। इसका असर 1980 के चुनावों में दिखा। जब इंदिरा ने फिर से सत्ता में वापसी की।

1952: ब्रिटेन ने परमाणु बम टेस्ट किया

3 अक्टूबर 1952 को ब्रिटेन ने परमाणु बम का टेस्ट किया था। ऑपरेशन हरीकैन के नाम का ये टेस्ट पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया में मोंटेबेलो आइलैंड में किया गया था। इसके साथ ही यूके दुनिया का तीसरा परमाणु हथियार संपन्न देश बन गया। उस समय तक सिर्फ यूनाइटेड स्टेट्स और सोवियत यूनियन के पास ही परमाणु हथियार थे।

विस्फोट के बाद उठे मशरूम क्लाउड।

1999ः वाजपेयी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार

21 अन्य पार्टियों के साथ भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने 545 में से 296 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल कर बहुमत हासिल किया। कांग्रेस को 114 सीटें मिली थीं। अटलजी के नेतृत्व में पहली बार किसी गठबंधन सरकार ने पांच साल पूरे किए। इसके बाद 2004 से 2014 तक मनमोहन सिंह के नेतृत्व में यूपीए की सरकार ने देश पर शासन किया।

1999 में स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले में समारोह के दौरान प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी।

1863: नेशनल थैंक्स गिविंग डे की औपचारिक शुरुआत

अमेरिकी राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन ने 1863 में 3 अक्टूबर को ही नवंबर के आखिरी गुरुवार को थैंक्स गिविंग डे के तौर पर तय किया था। तब से अमेरिका में इस दिन छुट्टी होती है। इस साल थैंक्स गिविंग डे 26 नवंबर को है। इसकी शुरुआत फसल का सीजन खत्म होने पर अच्छी पैदावार के लिए ईश्वर का धन्यवाद अदा करने के लिए हुई थी। अब यह अमेरिका के सबसे बड़े शॉपिंग फेस्ट के तौर पर मनाया जाता है।

3 अक्टूबर के दिन को इतिहास में और किन-किन महत्वपूर्ण घटनाओं की वजह से याद किया जाता है…

2014ः पटना में दशहरे पर बिजली का तार गिरने की अफवाह से मची भगदड़ में 32 लोगों की मौत हुई।

2013ः कोर्ट ने लालू प्रसाद यादव को चारा घोटाले में पांच साल जेल की सजा सुनाई।

2008ः टाटा ग्रुप ने सिंगुर (पश्चिम बंगाल) में हिंसक प्रदर्शनों के बाद दुनिया की सबसे सस्ती कार बनाने का कारखाना लगाने की योजना ड्रॉप कर दी।

2005ः भारत और पाकिस्तान ने डील पर हस्ताक्षर किए कि दोनों एक-दूसरे को बैलिस्टिक मिसाइल टेस्ट की योजना के बारे में बताएंगे।

2003ः पाकिस्तान ने हत्फ-मिसाइल का परीक्षण किया।

1996ः पाकिस्तानी बल्लेबाज शाहिद अफरीदी ने वनडे-इंटरनेशनल मैच में 37 गेंदों में शतक बनाकर इतिहास रचा।

1995ः चीन और इंग्लैंड के बीच हांगकांग के सुगम हस्तांतरण पर सहमति बनी।

1984ः भारत की सबसे लंबी दूरी की ट्रेन हिमसागर एक्सप्रेस कन्याकुमारी से जम्मूतवी के लिए रवाना हुई।

1978ः कोलकाता में पहले और दुनिया में दूसरे टेस्ट ट्यूब बेबी का जन्म हुआ।

1932: इराक को यूके से आजादी मिली। प्रथम विश्वयुद्ध के बाद 1920 में यूके ने इराक पर कब्जा किया था।

1880: पहले मराठी संगीत नाटक संगीत शाकुन्तल का पुणे में मंचन किया गया।

1831: मैसूर (अब मैसुरु) पर ब्रिटेन ने कब्जा किया।

1657: फ्रांसीसी सैनिकों ने मैड्रिड पर कब्जा किया।

Related Articles

Back to top button