BJP महिला नेता ने कराया अपनी 13 वर्षीय बेटी का गैंगरेप, कई होटल.. कई शहर.. बॉयफ्रेंड और उसके दोस्त..

हरिद्वार, उत्तराखंड से एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां भाजपा महिला मोर्चा की एक पूर्व पदाधिकारी पर अपनी ही 13 वर्षीय नाबालिग बेटी के यौन शोषण का आरोप लगा है। पीड़िता ने अपने पिता को आपबीती बताई, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। जांच में पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार है। इस मामले ने राज्य की राजनीति और समाज को हिला कर रख दिया है।
बेटी ने लगाया मां और उसके प्रेमी पर यौन शोषण का आरोप
हरिद्वार की रहने वाली एक महिला, जो भाजपा से लंबे समय से जुड़ी रही है, पर उसकी नाबालिग बेटी ने यौन शोषण का गंभीर आरोप लगाया है। बच्ची ने बताया कि मां उसे बार-बार धमकाकर अपने प्रेमी के साथ अश्लील हरकतों और दुष्कर्म के लिए मजबूर करती थी। मां के दबाव में आरोपी प्रेमी और अन्य लोग भी बच्ची को शिकार बनाते थे।
आगरा, वृंदावन और हरिद्वार के होटलों में होता था दुष्कर्म
पीड़िता ने अपने बयान में खुलासा किया कि उसके साथ सिर्फ हरिद्वार ही नहीं, बल्कि आगरा और वृंदावन के होटलों में भी सामूहिक दुष्कर्म की घटनाएं हुई हैं। किसी से शिकायत करने पर उसे और उसके पिता को जान से मारने की धमकी दी जाती थी। यह एक सुनियोजित और अमानवीय अपराध का संकेत है, जिसमें मासूम की अस्मिता को रौंदा गया।
प्रेमी के साथ मिलकर रची साजिश
पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी महिला का अपने पति से पारिवारिक विवाद चल रहा था। वह पिछले काफी समय से पति से अलग अपने प्रेमी सुमित पटवाल के साथ रह रही थी। इसी दौरान उसने अपनी ही बेटी को दरिंदगी का शिकार बनाया। पुलिस का कहना है कि महिला ने जानबूझकर बेटी को इस जाल में फंसाया।
पिता के पास पहुंची बेटी
जब बेटी किसी तरह पिता के पास पहुंची तो वह गुमसुम और डरी-सहमी नजर आई। पिता ने बात की तो पूरी घटना का खुलासा हुआ। इसके बाद वह बच्ची को लेकर रानीपुर कोतवाली पहुंचे और एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई की और आरोपी महिला व उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया।
मेडिकल में हुई यौन शोषण की पुष्टि, कोर्ट में दर्ज कराया गया बयान
एसएसपी हरिद्वार परमेंद्र डोभाल ने मामले को बेहद गंभीर मानते हुए फौरन मेडिकल परीक्षण करवाया। रिपोर्ट में यौन शोषण की पुष्टि हुई। इसके बाद किशोरी का कोर्ट में 164 के तहत बयान भी दर्ज कराया गया। इस कार्रवाई के बाद आरोपी महिला और उसका प्रेमी सुमित पटवाल पुलिस के हत्थे चढ़ गए। तीसरे आरोपी की तलाश अभी जारी है।
भाजपा नेत्री को पार्टी से किया निष्कासित
इस मामले के सामने आने के बाद भाजपा ने खुद को आरोपी महिला से अलग कर लिया है। हरिद्वार के जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने बताया कि महिला पहले महिला मोर्चा की पदाधिकारी रह चुकी है, लेकिन 2024 में शिकायतों के आधार पर उसे पद से हटा दिया गया था। अब इन संगीन आरोपों के चलते उसे पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी निष्कासित कर दिया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई आरोपी महिला की बीजेपी नेताओं संग तस्वीरें
सोशल मीडिया पर आरोपी महिला की भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं। इससे पार्टी को भी भारी शर्मिंदगी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि भाजपा ने स्पष्ट कर दिया है कि ऐसे अपराधों में लिप्त किसी भी व्यक्ति के लिए पार्टी में कोई स्थान नहीं है।
समाज और सिस्टम को झकझोर देने वाला मामला
यह मामला न केवल राजनीतिक हलकों में हलचल मचाने वाला है, बल्कि समाज की उस सच्चाई को भी उजागर करता है, जहां सत्ता, रिश्तों और विश्वास को दरिंदगी में बदल दिया जाता है। प्रशासनिक सतर्कता, राजनीतिक जवाबदेही और सामाजिक जागरूकता ही ऐसे अपराधों पर लगाम लगा सकती है।