दुष्कर्म का आरोपी कांग्रेस MLA का बेटा रिमांड पर:कोर्ट के बाहर पीड़िता का हंगामा,

बोली- वीआईपी ट्रीटमेंट दिया जा रहा

दुष्कर्म के मामले में 6 महीने से ज्यादा समय से फरार उज्जैन के बड़नगर से कांग्रेस विधायक मुरली मोरवाल के बेटे करण को पुलिस कोर्ट लेकर पहुंची है। कोर्ट ने उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर सौंप दिया। पुलिस ने उज्जैन जिले के मक्सी के पास से मंगलवार सुबह उसे गिरफ्तार किया था। 23 साल की युवती ने 2 अप्रैल 2021 को करण के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। युवती के मुताबिक करण ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया था। उसके बाद रेप किया था।

इधर, पुलिस करण मोरवाल को कोर्ट में पेश से पहले पीड़िता ने हंगामा कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि करण को वीआईपी ट्रीटमेंट दिया जा रहा है। वहीं, रिमांड पर ले जाए जा रहे करण मोरवाल ने पीड़िता पर बड़ा आरोप लगाया है। उसने कहा है कि वह इससे पहले भी 3 लोगों को रेप केस में फंसा चुकी है।

गिरफ्तारी में देरी होने पर छह दिन पहले गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने अल्टीमेटम दिया था। उन्होंने कहा था कि दो दिन में हाजिर हो जाएं नहीं तो ऐसी कार्रवाई करेंगे कि मध्यप्रदेश में यह नजीर बन जाएगा। गृहमंत्री के आदेश के बाद इंदौर IG ने इनाम की राशि 15 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपए कर दी थी। कुछ दिन पहले ही इंदौर पुलिस ने करण के भाई शिवम को पुलिस पूछताछ के लिए इंदौर लेकर आई थी, लेकिन पुलिस को कोई ठोस जानकारी नहीं मिली।

6 महीने में एक भी कांग्रेस नेता ने पीड़िता से बात नहीं की: नरोत्तम
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस विधायक के बेटे की गिरफ्तारी को लेकर कहा कि मैंने दीवाली से पहले गिरफ्तारी की बात कही थी। कल से लगातार दो से तीन स्थानों पर दबिश दी। आखिर में करण मोरवाल को मक्सी के पास से गिरफ्तार किया गया। उस पर 25 हजार रुपए का इनाम था। गिरफ्तारी होनी थी, वह हो गई।

उन्होंने कहा कि इस मामले में एक विषय सामने आया है। पीड़ित बेटी से पिछले 6 महीने में एक भी कांग्रेस नेता ने बात करने की कोशिश नहीं की। ये लोग हैं, जो उत्तरप्रदेश में बेटी हैं, लड़ेंगे। नारियों के हक की बात करते हैं। मध्यप्रदेश में प्रियंका गांधी के नेता कमलनाथ जी और दिग्विजय जी, तन्खा जी से उनको बचाने की बात करते हैं।

मिश्रा ने कहा कि यह आश्चर्य की बात है कि पीड़िता कांग्रेस नेता की ही बेटी थी। एक भी कांग्रेस नेता ने उससे बात नहीं की। इससे कांग्रेस की दोहरी मानसिकता उजागर होती है। मुझे लगता है कि इनको अब इन विषयों पर बोलने का अधिकार नहीं है।

यह है मामला
थाना प्रभारी ज्योति शर्मा के मुताबिक बड़नगर से कांग्रेस विधायक मुरली मोरवाल के बेटे करण मोरवाल पर कांग्रेस कार्यालय में कामकाज संभालने वाली 23 वर्षीय युवती ने 2 अप्रैल 2021 को दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। युवती का आरोप है कि 14 फरवरी 2021 को करण उसे होटल में ले गया था।

वहां उसने उसे ड्रिंक में नशा मिलाकर पिलाया। इसके बाद वह उसे फ्लैट पर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। सुबह नशा उतरने पर उसे अपने साथ हुई ज्यादती का पता चला। विरोध करने पर करण ने उससे शादी का वादा किया, इसके बाद वह कई बार शादी का वादा कर रिलेशन बनाता रहा।

कहां था फरारी के दौरान?
पुलिस अब करण मोरवाल से यह जानकारी जुटाएगी कि वह फरारी के दौरान कहां-कहां गया था। उसकी फरारी के दौरान कौन लोग मदद कर रहे थे। कुछ दिन पहले भाई शिवम को हिरासत में लेने पर विधायक मुरली मोरवाल भी इंदौर पहुंचे थे, जिन्होंने करण से किसी प्रकार के संपर्क होने से मना ही कर दिया था।

Related Articles

Back to top button