बिहार में अंतिम चरण की वोटिंग जारी, यहां हुआ मतदान का बहिष्‍कार, जानिए क्‍यों नाराज हैं लोग

पटना। बिहार में आज तीसरे और आखिरी फेज की 78 सीटों पर वोटिंग जारी है। सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज विधानसभा क्षेत्र के सिमरिया पंचायत में लोगों ने वोट बहिष्कार किया है। सड़क नहीं बनने की वजह से जनता में नाराजगी है। सुबह के 11:30 तक यहां एक भी वोट नहीं पड़ा है। इस इलाके में कुल 8 बूथ हैं। लोगों का कहना है कि एक भी बूथ पर वोट नहीं पड़ा है। करीब दस हजार की आबादी वोट का बहिष्कार कर रही है। लोगों का कहना है कि 30 साल से सड़क नहीं बनी। अभी यहां की विधायक जदयू की बीमा भारती हैं। पिछली बार जब बीमा वोट मांगने आई थीं, तब उन्होंने कहा था सड़क बनवा दी जाएगी। न बने तो अगली बार मुझे वोट मत दीजिएगा। उनके कहे अनुसार ही हम लोग इस बार वोट का बहिष्कार कर रहे हैं।

वहीं सुपौल और मुजफ्फरपुर में मतदानकर्मी की मौत हो गई। बड़े चेहरों में शरद यादव की बेटी और बिहारीगंज से कांग्रेस प्रत्याशी सुभाषिनी और प्लूरल्स पार्टी की प्रमुख पुष्पम प्रिया चौधरी ने वोट डाला।
आपकों बता दें कि तीसरे फेज में 1,204 उम्मीदवार हैं। 1,094 पुरुष हैं। 910 महिलाएं हैं। इन 78 सीटों पर 2.35 करोड़ वोटर हैं, जिनमें से 1.23 करोड़ पुरुष, 1.12 करोड़ महिला और 894 ट्रांसजेंडर वोटर हैं। कोरोना के चलते वोटिंग का समय एक घंटा बढ़ाया गया है। हालांकि, 74 सीटों पर वोटिंग सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगी। बाकी 4 पर सुबह 7 से 4 बजे तक ही वोट डाले जाएंगे। पहले फेज में 55.68% और दूसरे फेज में 55.70% वोटिंग हुई थी।

Related Articles

Back to top button