Film City : अखिलेश बोले, BJP नेता कलाकार न बनें, संवैधानिक दायित्व का निर्वाह करें

लखनऊ : समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार राष्ट्रीय पर्यटन पर रहते हैं। विकास के काम ठप हैं। लेकिन, वे फिल्म सिटी जल्दी से जल्दी बना लेना चाहते हैं। भाजपा नेता कलाकार न बनें, अपने संवैधानिक दायित्व का निर्वाह करें।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था का भाजपा राज में राम-नाम सत्य हो गया है। महिलाओं और बच्चियों के साथ दुष्कर्म में उत्तर प्रदेश की बदनामी देश की सीमाओं से बाहर चली गई है। अखिलेश गुरुवार को डाॅ. राजेन्द्र प्रसाद के जन्मदिन को अधिवक्ता दिवस मनाये जाने पर समाजवादी अधिवक्ता सभा द्वारा पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भारत के स्वतंत्रता सेनानियों ने जो आदर्श स्थापित किए थे और संविधान में लोकतंत्र, समता एवं पंथनिरपेक्षता को अपनी उद्देशिका में शामिल किया था, उनकी रक्षा में पूर्ववत अधिवक्ताओं को अपनी भूमिका निभाने की आज बड़ी जरूरत है।
अखिलेश ने कहा कि सच को सच और झूठ को झूठ बताने तथा अन्याय के विरोध की क्षमता अधिवक्ताओं में ही होती है। आज सत्ता दल ने झूठ, नफरत और भय-भ्रम के जरिए जो राजनीतिक प्रदूषण फैला रखा है उसे अधिवक्ता समाज ही आगे आकर समाप्त कर सकता है। उन्होंने भारत के प्रथम राष्ट्रपति डाॅ. राजेन्द्र प्रसाद के सादगी, त्याग एवं समर्पण से भरे जीवन के कई प्रसंगों की भी चर्चा की। उन्होंने स्वतंत्रता के पूर्व और पश्चात संघर्ष और निर्माण में उनके योगदान की सराहना की।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भारत में न्यायालयों पर लोगों का आज भी भरोसा है। सबके साथ उससे न्याय होने का विश्वास है। किसी के साथ अन्याय न हो, असमानता समाप्त हो इसके साथ संविधान आर्थिक सामाजिक तथा राजनीतिक न्याय का भी भरोसा देता है। संविधान निर्माताओं ने शोषण मुक्त समाज का सपना देखा था। उन्होंने व्यक्ति की गरिमा तथा प्रतिष्ठा को महत्व दिया था।
उन्होंने कहा कि जीवनमूल्यों तथा आदर्शों को तिलांजलि देकर सत्तादल का नेतृत्व नाटकीयता तथा इवेंट मैनेजमेंट जैसी चीजों में ही अपने दिन बिता रहा हैं। बुनियादी मुद्दों पर उसका ध्यान नहीं जाता है। उससे जनता को भटकाने के लिए ही आए दिन समारोह, लोकार्पण और उत्सव आयोजित किए जाते हैं। आज देश का अन्नदाता किसान आंदोलित है। नौजवान अपने अंधेरे भविष्य को लेकर निराशा में है। मंहगाई-भ्रष्टाचार से सभी परेशान है।
इस दौरान अखिलेश यादव ने अधिवक्ता समाज का आह्वान किया कि वे भाजपा की कलाकारी को पराजित करने के लिए अधिवक्ता और समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर एकजुट हों। भाजपा लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों को मिटाने पर तुली हुई है। जनता की एकजुटता से आपातकाल के काले दिन भी बीत गए थे आज तो अधिवक्ता, नौजवान सहित सभी प्रबुद्ध एकजुट हैं। इनके रहते वादाखिलाफी की ताकतें मात खांएगी।

 

Related Articles

Back to top button