महिला IAS ने अपने पति पर दर्ज कराई एफआईआर, जानिए क्या है पूरा मामला

गोमती नगर पुलिस ने केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी

लखनऊ में एक महिला आईएएस ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का पति रिटायर्ड आईएएस है। उनका नाम बाला प्रसाद अवस्थी है। महिला अधिकारी ने गोमती नगर थाने में पति के खिलाफ यौन उत्पीड़न करने, जान से मारने की कोशिश करने और उसके पैसों का गबन करने की एफआईआर दर्ज कराई है। महिला अभी यूपी में महत्वपूर्ण पद पर कार्यरत हैं। जबकि पति बाला प्रसाद अवस्थी रिटायर हो चुके हैं। वह भी यूपी में कई अहम पदों पर रहे हैं। गोमती नगर पुलिस ने केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।

32 साल पहले हुई थी शादी

महिला आईएएस ने एफआईआर में आरोप लगाया है कि उनके पति बाला प्रसाद अवस्थी शादी के बाद से ही प्रताड़ित करने लगे थे। उनकी शादी 5 मई 1990 में हुई थी। हनीमून के दौरान ही उनके शारीरिक तौर पर स्वस्थ न होने की जानकारी हो गई थी। इसके बाद से पति ने प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि वे (पति) दूसरी महिलाओं से संबंध बनाने की धमकी देते थे। साथ ही मानसिक एवं शारीरिक तौर पर प्रताड़ित करने लगे। मारपीट का सिलसिला शुरू हुआ जो थमने का नाम नहीं ले रहा था। एक दिन तो हाथ तक तोड़ने की कोशिश की। इसके साथ ही आर्थिक शोषण भी किया। यहां तक हर प्रॉपर्टी और बैंक खाते में खुद को नॉमिनी बना लिया।एसीपी गोमतीनगर श्वेता श्रीवास्तव ने बताया कि महिला आईएएस की तहरीर पर रिटायर आईएएस पति बाला प्रसाद अवस्थी के खिलाफ घरेलू हिंसा, धोखाधड़ी और आईटी एक्ट समेत कई अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच और साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सैलरी के सिर्फ छह हजार देते थे

महिला अधिकारी ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि उनके पति उनका आर्थिक तौर पर शोषण करते थे। महिला अधिकारी को उसकी सैलरी भी नहीं निकालने देते थे। उनकी पति से ज्यादा सैलरी होने के बाद भी 2004 तक अपने वेतन में से मात्र छह हजार रुपए ही घर खर्च के लिए पति से मिलते थे। ज्यादा पैसे मांगने पर पिटाई होती थी।साल 2015 में पति ने सैलरी एकाउंट में हेराफेरी कर खुद का नाम जुड़वा लिया। जाली दस्तखत बनाकर कई लेन-देन किए। साथ ही फर्जी ईमेल आईडी बनाकर पांच लाख रुपए महिला के भाई से मांगे। वहीं, प्रॉपर्टी को भी गलत तरीके से अपने नाम करवा लिया।

ब्लैक फंगस की छिपाई रिपोर्ट

महिला अधिकारी ने यह भी कहा है कि उनके पति ने उनका जीना हराम कर दिया था। समाज के डर से घर में हो रहे सभी शोषण और हिंसा की भनक अपने परिवार में नहीं लगने दी। हद तो तब हो गई, जब पति ने खुद को कोरोना होने की बात छुपाई। इस कारण वह और उनकी मां भी संक्रमित हो गई।महिला अधिकारी ने बताया कि इस दौरान उनके एकाउंट से 19.50 लाख रुपए निकाल लिए। हालांकि, पारिवारिक हस्तक्षेप होने पर लौटा दिए। इसी दौरान मारने की नियत से बिना डॉक्टरी प्रिस्क्रिप्शन की दवाईयां दी। सिर्फ यही नहीं, ब्लैक फंगस ही रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर भी नहीं बताया। उनका मकसद था कि समय से इलाज न मिले और मौत हो जाए।

Related Articles

Back to top button