भारत पर फिर ड्रैगन की बुरी नजर, साइबर हमलों की साजिश रच रहा चीन

भारत के खिलाफ चीन साइबर युद्ध छेड़ सकता है। एक खुफिया रिपोर्ट में इस बात की आशंका जताई गई है। चीन पिछले कई महीनों से इसकी भूमिका तैयार कर रहा है। इसके लिए वह चीनी प्रतिष्ठानों पर हुए साइबर हमलों के लिए भारत को जिम्मेदार ठहरा रहा है। सूत्रों का मानना है कि यह उसकी रणनीति का हिस्सा है, जिसे लेकर देश में साइबर सुरक्षा के मोर्चे पर भी बेहद चौकसी बरती जा रही है। चीन में इस साल बड़े पैमाने पर सरकारी एवं सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमले हुए हैं। इतना ही नहीं नेपाल और पाकिस्तान में स्थित चीनी प्रतिष्ठानों पर भी हमले हुए हैं। खबर यह है कि एविल फ्लावर नाम से हुए हमलों के पीछे चीन भारत को जिम्मेदार मान रहा है।

चीन के सरकारी महकमों के साथ-साथ फुदान यूनिवर्सिटी के साइबर स्पेस रिसर्च सेंटर ने दावा किया किया है कि यह हमले भारतीय हैकरों की तरफ से हो रहे हैं, लेकिन चीन सरकार का आरोप है कि इन हैकरों को भारत सरकार का समर्थन प्राप्त है, जो सरासर निराधार है। चीन ने ग्लोबल टाइम्स के जरिये इस प्रकार के आरोप लगाये हैं जो सरकारी मुखपत्र है। सूत्रों के अनुसार, चीन के इस आरोप के पीछे यह माना जा रहा है कि वह भारत पर साइबर हमलों की तैयारी कर रहा है। भारत पर पहले हमलों का आरोप लगाकर वह जवाबी साइबर हमले की फिराक में है ताकि दुनिया के सामने दिखा सके कि उसकी कार्रवाई जवाबी है।

अदृश्य युद्ध छेड़ना चाहता है चीन
दरअसल, पूर्वी लद्दाख में कायम गतिरोध और अरुणाचल प्रदेश में चीन की बढ़ती सक्रियता का भारतीय सेना पूरी तैयारी के साथ जवाब दे रही है। इन क्षेत्रों में किसी प्रकार का टकराव बढ़ता है तो निश्चित रूप से भारतीय सेना चीनी सेना पर भारी पड़ सकती है। इसलिए चीन सीमा पर टकराव की स्थिति को जारी रखते हुए साइबर हमलों के जरिये अदृश्य युद्ध भी छेड़ना चाहता है। हालांकि चीन की इस मंशा को भारतीय एजेंसियां अच्छी प्रकार से समझ रही हैं इसलिए किसी भी प्रकार के साइबर हमलों को नाकाम करने की पूरी तैयारियां करके रखी गई हैं।

किसी भी चुनौती से निपटने में सक्षम भारत: विशेषज्ञ
रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि पूर्वी लद्दाख से अरुणाचल-सिक्किम तक भारतीय सेना की तैयारियां पूरी हैं तथा वह किसी भी चुनौती से मुकाबला करने के लिए तैयार है। इस बात को चीन और उसकी सेना भी समझती है। इसलिए वह साइबर हमले जैसे किसी दूसरी रणनीति का सहारा भारत के खिलाफ ले सकती है

Related Articles

Back to top button