डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने बताया किसान आंदोलन के पीछे किसका है हाथ

प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को विपक्षी दलों पर तीखे हमले किए। बोले, सपा-बसपा और कांग्रेस यूपी में 2022 में सत्ता पाने के लिए मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं पर उनके सपनों को जनता अभी से पानी फेरने के लिए कमर कस चुकी है। मुजफ्फरनगर में किसान आंदोलन के पीछे सपा-बसपा और कांग्रेस के नेता हैं। वही किसानों को भड़का रहे हैं जबकि मोदी-योगी की अगुवाई वाली सरकारें किसानों और देशहित में काम कर रही हैं। प्रदेश में सुशासन और विकास की गंगा बह रही है, लेकिन विरोधी दल नकरात्मक और जातिवादी राजनीति कर रहे हैं।

डिप्टी सीएम रविवार को कानपुर में दुर्गा पार्क पनकी में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 500 करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 188 करोड़ की सड़कों, नवीनीकरण और पुलों की सौगात दी है। जनप्रतिनिधियों के दबाव के चलते 300 करोड़ की और विकास योजनाओं की घोषणा कर दी गई है।

गंगा बैराज, शुक्लागंज-पुरवा-मोहनलाल गंज रविवार से स्टेट हाईवे घोषित कर दिया गया है। पूरा रास्ता 175 करोड़ से फोरलेन किया जाएगा, इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। भाजपा 2022 में अपने दम से सबका साथ-सबका विश्वास के साथ बहुमत से सरकार बनाएगी क्योंकि भाजपा विकास की राजनीति करने पर विश्वास रखती है। औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने भी कहा कि सुशासन के चलते ही अब उद्यमी लगातार यूपी में निवेश कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button