भाजपा का कांग्रेस सरकार पर निशाना:चैतराम बोले- दंतेवाड़ा में मुआवजा का चेक हो रहा बाउंस,

आकाओं को खुश करने बांट रहे 50 लाख रुपए

भाजपा जिलाध्यक्ष चैतराम अटामी ने अपना बयान जारी करते हुए कांग्रेस को घेरा है।

दंतेवाड़ा के भाजपा जिला अध्यक्ष चैतराम अटामी ने अपना बयान जारी किया है। उन्होंने पत्थलगांव की घटना में मृतक के परिवारों को एक करोड़ रुपए एवं परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी समेत घायलों को 50-50 लाख रुपए की सहायता राशि देने की मांग की है। अटामी ने कहा कि, कांग्रेसियों ने उत्तर प्रदेश के लखीमपुर की घटना को बड़ा और पत्थलगांव की घटना को छोटा होने की बात की है जो निंदनीय है।

वहीं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के द्वारा लखीमपुर की घटना में पीड़ित परिवारों को 50-50 लाख रुपए देने की बात को कुर्सी बचाने की कीमत से जोड़ा है। उन्होंने कहा कि, एक ओर मुख्यमंत्री अपने प्रवास के दौरान दंतेवाड़ा जिला के नकुलनार में हुई घटना पर पीड़ित परिवारों को 1-1 लाख रुपए का चेक देते हैं वो भी दो बार बाउंस होता जाता है। एक साल बाद विधानसभा में हल्ला होने के बाद नगदी दी जाती है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस सरकार आज दूसरे राज्य के पीड़ित परिवारों को 50-50 लाख रुपए देने की बात कर रहे हैं। इसे अपनी कुर्सी बचाने की कीमत नहीं तो और क्या कहेंगे?

राज्य की जनता को पता है बाबा और काका में कुर्सी को लेकर क्या चल रहा है। घटना की आड़ में भूपेश बघेल उत्तर प्रदेश में उपस्थित उनके आकाओं को खुश करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ का पैसा बांट रहे हैं। दंतेवाड़ा जिले की दूसरी बड़ी घटना सर्व आदिवासी दिवस के दिन ट्रैक्टर पलटने से हुई। घटना में चार लोगों की दर्दनाक मौत हुई थी। भाजपा ने उस दौरान भी पीड़ित परिवारों को 25-25 लाख सहायता राशि देने की मांग की थी। पर कोई सुनवाई नही हुई। बल्कि जिले के कुछ कांग्रेसी नेता झुन झुंना चेक लेकर बाइक में सवारी कर खूब फोटो सेशन करवाए थे।

खबरें और भी हैं…

Related Articles

Back to top button