क्रिप्टो करेंसी की कीमतों में 17% तक की गिरावट

बिटकॉइन का भाव 10.19% गिरा, 47,222 डॉलर पर पहुंची कीमत, पिछले हफ्ते 52 हजार डॉलर था भाव

पिछले 24 घंटे में क्रिप्टो करेंसी की कीमतों में 17% तक की गिरावट आई है। सबसे लोकप्रिय करेंसी बिटकॉइन की कीमत इस दौरान 10.19% गिरी है। इसका भाव अब 47,222 डॉलर पर पहुंच गया है। पिछले हफ्ते यह करेंसी 51 हजार डॉलर से ज्यादा के भाव पर कारोबार कर रही थी।

क्रिप्टो की अन्य करेंसी में भी भारी गिरावट दिखी है

क्रिप्टो की अन्य करेंसी में भी भारी गिरावट दिखी है। बिनांस कॉइन की कीमत 15.82% गिर कर 422 डॉलर पर आ गई है। एथरियम की कीमत में 10.42% की गिरावट देखी गई है। यह करेंसी 3,522 डॉलर पर कारोबार कर रही है। कार्डानो 2.53 डॉलर पर कारोबार कर रही है। इसकी कीमत में 10.63% की गिरावट आई है। XRP की कीमत पिछले 24 घंटे में 16.89% गिरी है। यह करेंसी 1.14 डॉलर पर कारोबार कर रही है।

डागकॉइन की कीमत में 14.58% की गिरावट

डागकॉइन की कीमत में 14.58% की गिरावट आई है। यह 0.26 डॉलर के भाव पर कारोबार कर रही है। क्रिप्टो करेंसी की कीमतों में गिरावट से क्रिप्टो का मार्केट कैप भी घट गया है। क्रिप्टो करेंसी का कुल मार्केट कैप 2.11 लाख करोड़ डॉलर रहा। एक दिन पहले की तुलना में इसमें 10.7% की गिरावट आई है। क्रिप्टो का कुल वोल्यूम इस दौरान 240.16 अरब डॉलर रहा।

अल सल्वाडोर ने पहली बार 200 बिटकॉइन खरीदा

दरअसल अल सल्वाडोर ने पहली बार 200 बिटकॉइन खरीदा है। यहां के प्रेसीडेंट नायिब बुकले ने कहा कि उनके देश ने क्रिप्टो करेंसी को एक कानूनी मुद्रा के रूप में स्वीकार कर लिया है। यह पहला देश है जिसने इस करेंसी को मान्यता दी है। उन्होंने कहा कि इस करेंसी को लॉन्च करने से पहले उनके देश ने 400 बिटकॉइन खरीदा है। इसकी कीमत 2 करोड़ डॉलर है। इस वजह से पिछले हफ्ते बिटकॉइन की कीमत इस साल मई के बाद पहली बार 52 हजार डॉलर को पार कर गई थी।

8 मुख्य करेंसी की कीमतों में गिरावट

तेथर और सलाना को छोड़कर क्रिप्टो की 8 मुख्य करेंसी की कीमतों में पिछले 24 घंटे में भारी गिरावट दिखी है। पोलकाडाट की कीमत में 16.15% की गिरावट आई है। यह 28.45 डॉलर पर कारोबार कर रही थी। सलाना की कीमत में हालांकि 4.80% की बढ़त आई है और यह 179 डॉलर पर कारोबार कर रही है।

आगे दिख सकती है तेजी

जानकारों का मानना है कि बिटकॉइन की कीमतों में यहां से अच्छी तेजी दिखेगी। हो सकता है कि अगले साल यह 90 हजार डॉलर तक के आंकड़े को पार कर जाए। हालांकि इस साल के अंत तक इसकी कीमत 60 हजार डॉलर तक जा सकती है। बिटकॉइन की कीमत 3 महीने पहले 32 हजार डॉलर पर चली गई थी। जबकि पोलकाडाट की कीमत 22 डॉलर पर पहुंच गई थी।

भारत में 12-14 क्रिप्टो के एक्सचेंज हैं जो कारोबार करते हैं। भारत में क्रिप्टोकरेंसी में रोजाना का टर्नओवर 1,000-1500 करोड़ रुपए का है। देश में क्रिप्टो करेंसी में 1 से 1.20 करोड़ निवेशक हैं।

Related Articles

Back to top button