फैमिली ने शादी से किया इनकार; थाने पहुंची लड़की की पुलिस ने कराई शादी

मंदिर में 7 फेरे, पुलिसकर्मी बने बाराती:फोन पर हुआ प्यार,

सोशल मीडिया पर प्यार तो बहुत बार सुना होगा, लेकिन इस बार फोन के रॉन्ग नंबर पर प्यार हो गया। दो साल पहले मोतिहारी की पूजा के नंबर पर गलती से मुजफ्फरपुर के औराई के रवि कुमार का कॉल चला गया था। दोनों में बात हुई तो पता लगा कि रॉन्ग नंबर है। उस समय तो कॉल काट दिया, लेकिन दो दिन बाद रवि ने मिस्ड कॉल दिया। इस बार पूजा ने कॉल बैक किया। फिर दोनों में बातें हुईं। तकरार भी हुईं। जल्द ही ये तकरार प्यार में बदल गई।

फिर तो घंटों तक दोनों बात करने लगे। पूजा ने रवि से शादी करने की इच्छा जाहिर की। रवि इसके लिए तैयार था, लेकिन कहीं से दोनों के मां-बाप को भनक लग गई। परिजनों ने लड़की से मोबाइल छीन लिया तो बातचीत बंद हो गई। रविवार को लड़की औराई थाना पहुंची। थानेदार राजेश कुमार से अपने प्यार की पूरी दास्तां सुनाई। उन्होंने लड़की की उम्र का सत्यापन किया। फिर उसकी फैमिली को बुलाया। रवि और उसके परिजनों को भी बुलाया गया।

दूल्हा और दुल्हन को आशीर्वाद देते थानेदार राजेश कुमार।

बाराती बने पुलिसकर्मियों ने दिया आशीर्वाद
पहले तो रवि की फैमिली ने इनकार कर दिया, लेकिन थानेदार ने दोनों पक्ष को समझाया। कहा कि जब दोनों बालिग हैं, प्यार करते हैं और शादी करना चाहते हैं तो आप लोगों को क्या ऐतराज है। दोनों स्वजातीय भी हैं। थानेदार के समझाने पर दोनों पक्ष मान गए। औराई में शिव मंदिर में शाम को दोनों की शादी कराई गई। थानेदार समेत सभी पुलिसकर्मी और गांव के कुछ गणमान्य लोग बाराती बने। शादी के बाद दूल्हा-दुल्हन ने थानेदार के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद लड़की परिजनों से विदा लेकर ससुराल चली गई।

क्या बोले थानेदार?
थानेदार राजेश कुमार ने कहा कि लड़का-लड़की दोनों बालिग हैं। दोनों प्यार भी करते हैं और शादी करना चाहते थे। ऐसे में अगर उनकी बातों को नहीं सुनते तो हो सकता था, वे कोई गैरकानूनी कदम उठा लेते। दोनों की खुशी हमें इसी में दिखाई पड़ी, इसलिए विधि व्यवस्था से दोनों की शादी कर दी गई।

खबरें और भी हैं…

Related Articles

Back to top button