कोरोना :‌ बंगाल में स्वस्थ होने वालों की संख्या बढ़ी, टेस्टिंग भी बढ़ी

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में महामारी कोरोना वायरस का संक्रमण धीरे-धीरे कम हो रहा है। यहां 24 घंटों के दौरान रिकवरी रेट में बढ़त बरकरार है। इसकी वजह से एक्टिव मरीजों की संख्या भी घट रही है।

रविवार को राज्य सरकार की ओर से जारी बुलेटिन में बताया गया है कि 24 घंटे के दौरान राज्य भर में कुल 44457 लोगों के सैंपल जांचे गए हैं जिनमें से 3987 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इस वजह से राज्य भर में इस महामारी की चपेट में आने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 377651 हो गई है। 24 घंटे में 4053 लोग स्वस्थ हुए हैं जिसकी वजह से स्वस्थ होकर घर लौटने वाले लोगों की कुल संख्या 333990 पर पहुंची है।

पिछले 24 घंटे में 59 लोगों की मौत हो गई है जिसकी वजह से मरने वालों की संख्या बढ़कर 6900 हो गई है। एक्टिव लोगों की संख्या में 125 की कमी हुई है और 35761 मरीज संक्रमित रह गए हैं जो विभिन्न अस्पतालों में चिकित्साधीन हैं। राज्य में रिकवरी रेट बढ़कर 88.44 फ़ीसदी पर पहुंची है। राज्यभर में अब तक कुल 4600882 लोगों के सैंपल जांचे गए हैं। इनमें से 8.21 फ़ीसदी लोग पॉजिटिव पाए गए हैं।

Related Articles

Back to top button