पंचायत चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन संतोषजनक: लल्लू

लखनऊ उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बुधवार को दावा किया कि प्रदेश में सम्पन्न हुए पंचायत चुनाव में पार्टी का संतोषजनक प्रदर्शन रहा है। इस चुनाव में कांग्रेस के 270 जिला पंचायत के उम्मीदवारों ने विजय प्राप्त की जबकि 571 सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी दूसरे स्थान पर रहे।

लल्लू ने जारी बयान में कहा कि प्रदेश में बड़े पैमाने पर कांग्रेस पार्टी के न्याय पंचायत अध्यक्ष, ब्लाक अध्यक्ष एवं संगठन के पदाधिकारियों के नेतृत्व में भारी संख्या में ग्राम प्रधान एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव पार्टी के कार्यकर्ता जीते हैं। प्रदेश में कांग्रेस महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में न्याय पंचायत, ब्लाक व ग्राम स्तर तक संगठन का मजबूती के साथ निर्माण किया गया है उसी का नतीजा है कि आज सुखद परिणाम देखने को मिल रहा है।

उन्होने कहा कि गांव,खेत,खलिहान,नौजवान,कानून व्यवस्था और कोरोना जैसे गंभीर विषयों पर कांग्रेस ने जो लड़ाई लड़ी है उसके सुखद परिणाम आने शुरू हो गये हैं। उन्होने पूरा भरोसा और विश्वास जताया है कि आने वाले दिनों में कांग्रेस जनता का विश्वास एवं आर्शीवाद प्राप्त होगा।

Related Articles

Back to top button