रोनाल्डो के नाम एक और रिकॉर्ड:अंतरराष्ट्रीय मैच में सबसे ज्यादा बार हैट्रिक गोल करने वाले फुटबॉलर बन

रोनाल्डो अब तक करियर में 58 बार हैट्रिक लगा चुके हैं

पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपने नाम एक और रिकॉर्ड दर्ज करा लिया है। वह अंतरराष्ट्रीय मैच में सबसे ज्यादा बार हैट्रिक गोल करने वाले फुटबॉलर बन गए हैं। फीफा वर्ल्ड कप क्वालिफायर्स में लक्जमबर्ग के खिलाफ मैच में उन्होंने दो गोल पेनाल्टी और एक गोल हेडर से करके यह करनामा किया। इसके साथ ही पुर्तगाल ने लक्जमबर्ग को 5-0 हराया। इस जीत के साथ पुर्तगाल टीम ग्रुप-2 में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। पहले स्थान पर 17 अंकों के साथ सर्बिया की टीम है। वहीं, पुर्तगाल के 16 अंक हैं।

रोनाल्डो ने स्वीडन के स्वेन रीडेल के 9 बार हैट्रिक गोल करने के रिकॉर्ड को तोड़ा है। अब रोनाल्डो के अंतरराष्ट्रीय करियर में 10 हैट्रिक गोल हो चुके हैं। उन्होंने 2019 में लिथुआनिया के खिलाफ रीडेल के 9 बार हैट्रिक की बराबरी की थी। वहीं अब तक करियर में 58 बार हैट्रिक लगा चुके हैं।

रोनाल्डो के नाम सबसे ज्यादा गोल
इसके अलावा लक्जमबर्ग के खिलाफ तीन गोल से रोनाल्डो के नाम अब 115 अंतरराष्ट्रीय गोल हो गए हैं। वह अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी भी हैं। यूरो कप 2020 के दौरान उन्होंने ईरान के पूर्व फुटबॉलर अली डेई के सबसे ज्यादा गोल (109) के रिकॉर्ड की बराबरी की थी। इसके बाद सितंबर में रिपब्लिक ऑफ आयरलैंड के खिलाफ मैच में दो गोल दाग डेई के रिकॉर्ड को तोड़ा था।

रोनाल्डो ने पहले दो गोल पेनाल्टी पर दागे
रोनाल्डो ने लक्जमबर्ग के खिलाफ अपने तीन गोल में से दो गोल पहले हाफ में दागे। पहला गोल उन्होंने मैच के 8 वें मिनट मे मिले पेनाल्टी को गोल में तब्दील कर पुर्तगाल को 1-0 से आगे कर दिया। दूसरा गोल फिर उन्होंने 13 वें मिनट में पेनाल्टी पर ही दागा। वहीं मैच के 17 वें मिनट में ब्रूनो फर्नाडीज ने गोल कर पुर्तगाल को हाफ टाइम तक 3-0 से आगे कर दिया।

तीसरा गोल हेडर से किया
रोनाल्डो ने तीसरा गोल मैच के 87 वें मिनट में हेडर के जरिए किया और पुर्तगाल को 5-0 से जीत दिलाई। इससे पहले मैच में 69 वें मिनट में जोआओ पालिन्हा ने टीम के लिए गोल किया था।

खबरें और भी हैं…

Related Articles

Back to top button