एक ही जगह, एक ही दिन में मिली दो महिलाओं की जली लाश!

हैदराबाद में महिला डॉक्टर प्रियंका रेड्डी को अगवा कर, उनके साथ दुष्कर्म कर उन्हें ज़िंदा जला दिया गया। इस झटके से हैदराबाद बाहर निकल भी नहीं पाया था कि ठीक ऐसा ही एक और मामला सामने आ गया। जहाँ से प्रियंका रेड्डी का जला हुआ शव बरामद किया गया था, उसके पास से ही एक और महिला का शव ठीक उसी तरह जला हुआ पाया गया।

शमशाबाद पुलिस स्टेशन क्षेत्र के सिड्डुलागट्टा रोड के पास एक और महिला का जला हुआ शव मिला है। महिला की उम्र 35 के आसपास बताई जा रही है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है और जांच शुरू कर दी गई है। एक ही दिन में एक और जली हुई लाश मिलने के बारे में साइबराबाद के पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनर ने कहा कि शमशाबाद के बाहरी इलाके में शव मिला है। शव को सरकारी अस्पताल में भेजा जा रहा है और मामला दर्ज किया जा रहा है।

एक दिन की दूसरी वीभत्स घटना

गौरतलब है कि इस महिला का शव ठीक उसी तरह जला हुआ मिला, जिस हालत में शुक्रवार सुबह 27 वर्षीय डॉ. प्रियंका रेड्डी का शव पाया गया था। बता दें कि एक टोल प्लाजा के पास महिला पशु चिकित्सक प्रियंका रेड्डी बुधवार को कोल्लुरु स्थित पशु चिकित्सालय गई थी। उन्होंने अपनी स्कूटी को शादनगर के टोल प्लाजा के पास ही पार्क कर दिया था। रात में जब वह वापस लौटी तो उनकी स्कूटी पंक्चर मिली। फिर महिला डॉक्टर ने अपनी बहन को फोन किया और इसके बारे में जानकारी दी।

इस फ़ोन कॉल में डॉ. प्रियंका ने अपनी बहन से कहा था कि उसे डर लग रहा है। इस पर बहन ने महिला डॉक्टर को टोल प्लाजा जाने और कैब से आने की सलाह दी थी। महिला डॉक्टर ने यह भी कहा कि कुछ लोगों ने मदद की पेशकश की है और थोड़ी देर बाद कॉल करती हूं। फिर इसके बाद महिला डॉक्टर का मोबाइल फोन स्वीच ऑफ हो गया। चिंतित परिजनों ने शादनगर टोल प्लाजा के पास महिला डॉक्टर की खोजबीन की, लेकिन वह नहीं मिली। सुबह शादनगर के अंडरपास के पास प्रियंका की जली हुई लाश मिली। इस घटना के सामने आने के बाद देशभर से इसको लेकर तीखी प्रतिक्रिया आने लगी थी।

Related Articles

Back to top button