पंजशीर में तालिबान और रेजिस्टेंस फोर्स के बीच भीषण जंग जारी, दोनों का एक-दूसरे पर जीत का दावा

अफगानिस्तान की पंजशीर घाटी में अहमद मसूद और अमरुल्लाह सालेह की अगुवाई वाली रेजिस्टेंस फोर्स तालिबान से जंग लड़ रही है।

अफगानिस्तान की पंजशीर घाटी में तालिबान और रेजिस्टेंस फोर्स के बीच भीषण जंग जारी है। इस बीच दोनों ने पंजशीर को जीतने का दावा किया है। तालिबान का कहना है कि अब पंजशीर पर भी उसका नियंत्रण हो गया है। वहीं पंजशीर पर जीत की खुशी में तालिबान ने काबुल में हवाई फायरिंग की है, इसमें 3 लोगों की मौत की खबर है और कई लोग घायल हुए हैं।

दूसरी तरफ रेजिस्टेंस फोर्स ने तालिबान के दावे को गलत बताया है। उसका कहना है उसने तालिबान के खिलाफ बढ़त बना ली है। अफगानिस्तान के पूर्व उप-राष्ट्रपति अमरुल्लाह सालेह ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर कहा है कि हमारी सेना तालिबानियों का डटकर मुकाबला कर रही है। उन्होंने कहा है कि वे आतंकियों के निशाने पर हैं और इस खतरे के लिए उन्होंने पाकिस्तान पर आरोप लगाया है। उन्होंने खुद के ताजिकिस्तान भागने का भी खंडन किया है। सालेह ने कहा है कि वे अभी भी पंजशीर में हैं और तालिबानियों से लड़ रहे हैं।

तालिबान के कश्मीर राग पर भारत ने दिया करारा जवाब
अफगानिस्तान में सरकार के ऐलान से पहले कश्मीर का राग अलापने वाले तालिबान को भारत ने करारा जवाब दिया है। केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने शुक्रवार को कहा है कि भारत संविधान का पालन करता है। यहां मस्जिदों में दुआ करते लोगों पर गोलियों और बम से हमला नहीं किया जाता। न लड़कियों को स्कूल जाने से रोका जाता है और न ही उनके सिर और पैर काटे जाते हैं।

नकवी ने ये बात तालिबान के उस बयान के जवाब में कही हैं, जिसमें कहा गया था कि कश्मीर समेत दुनियाभर के मुसलमानों की आवाज उठाने का हक तालिबान को है। नकवी ने तालिबान से सीधे तौर पर कहा है कि भारत के मुसलमानों को छोड़ दें, उनकी चिंता करने की जरूरत नहीं है।

विदेश सचिव ने कहा- तालिबान को पालने वाले पाकिस्तान पर नजर रखनी होगी
अफगानिस्तान के मुद्दे पर भारत के विदेश सचिव हर्ष वर्धन श्रृंगला ने वॉशिंगटन में मीडिया से बातचीत में कहा है कि अफगानिस्तान के हालात पर अमेरिका और भारत नजर बनाए हुए हैं। साथ ही कहा कि अफगानिस्तान के पड़ोसी पाकिस्तान ने तालिबान का समर्थन किया है और वह तालिबान को पालता रहा है। ऐसी कई बातें हैं जिनमें पाकिस्तान ने तालिबान की मदद की है, इन्हीं बातों को ध्यान में रखते हुए पाकिस्तान की भूमिका पर नजर रखनी होगी।

अपडेट्स

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक गूगल ने अफगानिस्तान की पूर्व सरकार के कुछ ई-मेल अकाउंट टेंपरेरी तौर पर ब्लॉक कर दिए हैं, क्योंकि तालिबानी इन्हें एक्सेस करने की कोशिश कर रहे थे।तालिबानी नेताओं ने दोहा में पाकिस्तानी दूतावास के अधिकारियों से मुलाकात की है। इस दौरान बॉर्डर से जुड़े मुद्दों और अफगानिस्तान की मदद को लेकर बात हुई है।

तालिबान आज करेगा सरकार का ऐलान
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के सूत्रों के मुताबिक अफगानिस्तान में तालिबानी सरकार की कमान मुल्ला बरादर संभालेगा। वहीं तालिबान के फाउंडर मुल्ला उमर के बेटे मुल्ला मोहम्मद याकूब और शेर मोहम्मद अब्बास स्टेनकजई को भी तालिबानी सरकार में अहम पद दिए जाएंगे। ये सभी काबुल में हैं। दैनिक भास्कर के सूत्रों के मुताबिक अफगानिस्तान की वास्तविक सत्ता शूरा समिति के हाथ में ही रहेगी।
तालिबानी हुकूमत के सामने अफगानी महिलाएं अपने हकों की आवाज उठा रही हैं। वे मांग कर रही हैं कि उनकी उपलब्धियों और पढ़ाई की हिफाजत की जाए। सभी फोटो काबुल में प्रदर्शन कर रहीं एक्टिविस्ट की है।

तालिबानी मिलिट्री वाहन को मसूद की सेना ने रॉकेट से उड़ाया
पंजशीर में तालिबान को भारी नुकसान की खबर है। हामिद मसूद की रेजिस्टेंस फोर्स ने तालिबान के लड़ाकों का पंजशीर में घुसना मुश्किल कर दिया है। इस पहाड़ी प्रांत में मसूद के लड़ाकों ने हर रास्ते पर एम्बुश लगा रखा है। पंजशीर समर्थकों ने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें उनके लड़ाके तालिबानियों के सैन्य वाहनों को रॉकेट से उड़ाते हुए दिख रहे हैं। रॉकेट दागने के बाद सैन्य वाहन के परखच्चे उड़ गए हैं। इतना ही नहीं रॉकेट दागने के बाद पंजशीर समर्थक लड़ाके गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग भी करते दिख रहे हैं। ये वीडियो किस जगह का है इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।

Related Articles

Back to top button