भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सांसद अरुण सिंह ने प्रियंका गांधी पर कसा तंज

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव सांसद अरुण सिंह ने मंगलवार को तंज कसा कि किसानों की रहनुमा बनने की कोशिश करने वाली कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा गेहूं ज्वार में अंतर नही बता पाएंगी।
वृन्दावन कुंभ में विभिन्न अखाड़ों में आए संतो का आशीर्वाद लेने के बाद श्री सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा “ क्या श्रीमती वाड्रा ने कभी खेती किसानी देखी है। उनके सामने गेहू और ज्वार के पौधे रख दीजिये। मैं दावा करता हूं कि वे गेहूं ज्वार में अन्तर नही बता पाएंगी। वे चना और मटर के पौधे में अन्तर नही बता पाएंगी।”
उन्होने कहा कि किसान आंदोलन के नाम पर कांग्रेस और अन्य विपक्षी पार्टियां जनता को गुमराह करने का काम कर रही हैं मगर चुनाव आने पर जनता इन पार्टियों को गुमराह कर देती है और भाजपा को जिता देती है। उन्होने दावा किया कि 99.99 फीसदी किसान मोदी सरकार से बेहद संतुष्ट है। जो लोग आंदोलन कर रहे हैं वह किसान विरोधी हैं। विपक्षी दल आंदोलन का सीधा समर्थन अपनी पार्टी के हित के लिए कर रहे हैं।
श्री सिंह ने कहा कि भाजपा किसान को अधिक सिंचाई की बेहतर सुविधा देकर, उसे नीम कोटेड यानी बिना मिलावटी यूरिया, उन्नत बीज देकर, किसानों की एमएसपी बढ़ाकर उनकी आय को दुगुना करने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार ने इस कुंभ के लिए जितनी अच्छी व्यवस्था की है उससे सभी संत प्रसन्न है। संतो का कहना है कि वृन्दावन कुभ में इस बार जिस प्रकार की व्यवस्थाएं की गई हैं ऐसी आज तक कभी नही हुई हैं। प्रशासन भी अच्छा कार्य कर रहा है। कुंभ की बेहतर व्यवस्था के कारण संत तो योगी का अभिनन्दन करना चाहते है।
भाजपा नेता ने एक सवाल के जवाब में कहा कि प्रयागराज में कुंभ की तरह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वृन्दावन कुंभ में आने की संभावना के बारे में प्रधानमंत्री कार्यालय ही कुछ बता सकता है।
यमुना के पानी के गंदे होने पर ठीकरा आम आदमी पार्टी (आप) की दिल्ली सरकार पर फोड़ते हुये उन्होने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी 20-25 साल से दिल्ली की सत्ता में है लेकिन उन्होंने सही तरीके से यमुना को निर्मल करने का प्रयास नही किया लेकिन प्रदेश सरकार अपने स्तर से यमुना को शुद्ध करने का काम कर रही है।

Related Articles

Back to top button