जंगलराज: बिहार में एक और नेता को सरेआम मारी गोली, वजह सामने आई.. 2 दिन पहले आया था एक फोन

बिहार के समस्तीपुर जिले में रविवार सुबह सनसनीखेज वारदात सामने आई है। रोसड़ा थाना क्षेत्र के बटहा वार्ड नंबर-10 में रंगदारी नहीं देने पर अपराधियों ने पंचायत समिति सदस्य मंजू देवी के पति सुरेश प्रसाद सिंह को गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घायल अवस्था में उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।

काम से लौटते समय हुआ हमला

घटना सुबह लगभग 9 बजे की है जब सुरेश प्रसाद सिंह नाली उड़ाही के काम की निगरानी करने अपने मोहल्ले में पहुंचे थे। मनरेगा के तहत यह कार्य चल रहा था। काम देखकर लौटते समय चार बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और टारगेट कर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली कंधे और गर्दन के पास लगी जिससे वे जमीन पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।

हमलावरों की पहचान और रंगदारी की मांग का खुलासा

घायल सुरेश प्रसाद ने बताया कि हमलावरों में से दो की पहचान हो चुकी है — प्रभात कुमार उर्फ पिंटू और मणि भूषण, जो उनके ही गांव के रहने वाले हैं। दो अन्य की पहचान नहीं हो सकी है। सुरेश सिंह की पत्नी मंजू देवी, जो पंचायत समिति सदस्य हैं, ने बताया कि इन अपराधियों ने दो दिन पहले ₹2 लाख की रंगदारी मांगी थी। इनसे पूर्व से ही पुरानी अदावत चल रही है और कुछ दिन पहले भी गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया था।

लगातार दो बार विजेता रही मंजू देवी

मंजू देवी ने कहा कि उन्हें जनता का लगातार समर्थन मिल रहा है और वह दो बार पंचायत समिति चुनाव जीत चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके प्रभाव और जनसमर्थन से ईर्ष्या के कारण ही यह हमला हुआ है। अगले साल पंचायत चुनाव होना है और इससे पहले विरोधियों ने दबाव बनाने के लिए यह साजिश रची है।

जल्द गिरफ्तारी का दावा

घटना की जानकारी मिलते ही रोसड़ा डीएसपी सोनल कुमारी ने पुलिस टीम को मौके पर भेजा। उन्होंने कहा कि मामला आपसी अदावत का प्रतीत होता है। पुलिस टीम ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button