भाजपा सांसद के बेटे की लापता होने की खबर से मचा हड़कंप , अपहरण या कुछ और है मामला ?

बिहार के दरभंगा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मधुबनी से भाजपा सांसद अशोक कुमार यादव के बेटे विभूति कुमार यादव रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। यह घटना लहेरियासराय थाना क्षेत्र के बंगाली टोला की है, जहां से रविवार दोपहर वह बाजार के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे।

दिल्ली से लौटे थे घर, दोपहर में निकले बाजार लेकिन नहीं आए वापस

परिजनों के अनुसार, विभूति यादव दो दिन पहले ही दिल्ली से अपने घर लौटे थे, जहाँ वह लॉ की पढ़ाई कर रहे थे। रविवार को दोपहर में काले रंग की पैंट और हरे रंग की टी-शर्ट पहनकर घर से बाजार निकले, लेकिन देर रात तक उनका कोई सुराग नहीं मिला।

मोबाइल हुआ बंद, खोजबीन के बाद दर्ज कराई गई गुमशुदगी

जब शाम तक विभूति घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। चिंता बढ़ने पर उन्होंने स्वतः तलाश शुरू की, मगर कोई सफलता नहीं मिली। अंततः थक-हारकर उन्होंने लहेरियासराय थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई।

मामला हाई प्रोफाइल, पुलिस हरकत में आई

जैसे ही पुलिस को जानकारी मिली कि यह मामला भाजपा सांसद के पुत्र से जुड़ा है, लहेरियासराय थाना की पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई। पुलिस ने विभूति की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में छानबीन शुरू कर दी है। तकनीकी और भौतिक दोनों स्तरों पर जांच जारी है।

परिजनों ने सोशल मीडिया से भी मांगी मदद

परिजन इस कठिन घड़ी में सोशल मीडिया का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को विभूति कुमार यादव के बारे में कोई सूचना मिले, तो तुरंत पुलिस या परिजनों को सूचित करें।

लॉ के छात्र हैं विभूति, दिल्ली में कर रहे थे पढ़ाई

विभूति कुमार यादव दिल्ली स्थित लॉ कॉलेज में दूसरे सेमेस्टर के छात्र हैं। वे शांत और सौम्य स्वभाव के बताए जा रहे हैं। परिजनों के अनुसार, हाल के दिनों में उनकी किसी से कोई व्यक्तिगत या मानसिक परेशानी भी नहीं थी।

राजनीतिक विरासत से जुड़े हैं विभूति, पूर्व केंद्रीय मंत्री के पौत्र

विभूति यादव पूर्व केंद्रीय मंत्री हुकुमदेव नारायण यादव के पौत्र हैं। हुकुमदेव यादव को वर्ष 2019 में नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा पद्मभूषण से सम्मानित किया गया था। उनके पिता अशोक कुमार यादव, दरभंगा के केवटी विधानसभा से दो बार विधायक रह चुके हैं और वर्तमान में मधुबनी से भाजपा सांसद हैं।

सांसद अशोक यादव बोले- “जो खबरें चल रही हैं, वे सही हैं”

पूरा मामला जब मीडिया और सोशल मीडिया पर फैलने लगा, तो सांसद अशोक कुमार यादव ने भी पुष्टि करते हुए कहा, “जो सोशल मीडिया पर चल रहा, वह सही खबर है। मैं इस समय बेहद परेशान हूं। जैसे ही कोई जानकारी मिलती है, उसे सार्वजनिक करूंगा।”

 

 

 

Related Articles

Back to top button