बड़ी घोषणा, 2022 में सरकार बनते ही हर महीने महिलाओं को दो हजार रुपये देगी सपा

यूपी विधानसभा चुनाव के मद्दनेजर सपा प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। सपा के प्रांतीय अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि देश की 70 फीसदी पूंजी भाजपा के दो सौ पूंजीपति मित्रों के पास है। देश की 130 करोड़ आबादी के पास मात्र 27 फीसदी पूंजी है। इतनी आर्थिक विषमता कांग्रेस के शासन में भी नहीं थी। सपा प्रदेश अध्यक्ष ने इस दौरान महिलाओं को लेकर बड़ी घोषणा भी की है। उन्होंने कहा कि 2022 में सपा की सरकार बनती है तो यूपी की महिलाओं को पांच सौ रुपये नहीं दो हजार रुपये हर महीने दिए जाएंगे।

किसान, नौजवान पटेल यात्रा लेकर पहुंचे सपा के प्रांतीय अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार में किसान, नौजवान, व्यापारी के साथ सभी परेशान हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सरकारी संस्थानों को बेचने का काम कर रहे हैं। रेलवे, हवाई अड्डा आदि बेच कर रोजगार के अवसर कम कर रहे हैं। उन्होंने 100 मजदूरों वाली फैक्ट्री में छंटनी का बिल लाकर पूंजीपतियों को पॉवर दे दी है। मजदूरों को कमजोर कर उनका रोजगार छीनने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कहा था कि 21 दिन में कोरोना खत्म कर देंगे। 21 माह बीत गए लेकिन कोरोना नहीं गया। अस्पतालों में न दवाई है और न की ऑक्सीजन। लाखों लोग आक्सीजन व दवाओं की कमी से मर गए। उसमें हमारे जनप्रतिनिधि भी शामिल रहे। सरकर पूरी तरह से फेल है। भाजपा बिजली देने की बात कहती है जबकि हकीकत यह है कि अखिलेश यादव ने अपने कार्यकाल में कई पॉवर प्लांट उच्च क्षमता के लगाए। पॉवर स्टेशनों की क्षमता बढ़ाई थी। भाजपा ने पॉवर प्लांट नहीं लगाया बिजली के बिल जरूर बढ़ा दिए।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश का किसान केंद्र सरकार के तीन काले कानूनों को लेकर दिल्ली में आंदोलन कर रहा है। उसकी मांग है कि उसकी उपज का लाभकारी मूल्य दिया जाए। स्वामीनाथन कमेटी की रिपोर्ट लागू की जाए लेकिन सरकार सुनने को तैयार नहीं है। जब उद्योगपतियों से चंदा लिया जाएगा तो सरकार उसकी ही मर्जी से चलाना मजबूरी बन जाएगी। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह ने कभी भी उद्योगपतियों से चंदा नहीं लिया। वह कहते थे कि अगर उनसे चंदा लेंगे तो हमें उनकी वाली करनी होगी।

Related Articles

Back to top button