राहुल हों या राजनाथ, स्मृति हों या रोहिणी..सभी की प्रतिष्ठा दांव पर..5वें चरण की ये हैं हाईप्रोफाइल सीटें

5वें चरण का चुनाव प्रचार आज शाम को थम चुका है। 20 मई को चुनाव है, ऐसे में कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा इस चरण में दांव पर लगी है

Loksabha Elections 2024: 5वे चरण के लिए चुनाव प्रचार आज शाम को 5 बजे थम चुका है। 4 चरणों का चुनाव हो चुका है। अब 5वे चरण की तैयारी जोरों पर है। पिछले चार चरणों की तरह ही। इस चरण में भी दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है, फिर चाहे वह सत्ता पक्ष के प्रत्याशी हों या विपक्ष के। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सिंह हों या कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी या फिर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी हों या केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल या लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य सभी की सांसे अटकीं हैं।

जानिए किन दिग्गजों की साख है दांव पर 

राहुल गांधी: उत्तर प्रदेश की जिन सीटों की चर्चा सबसे ज्यादा होती है, उनमें एक सीट राहुल गांधी की भी है। पिछले लोकसभा चुनाव 2019 कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी अमेठी से लड़े थे और स्मृति ईरानी से चुनाव हार गए थे। लेकिन इस बार वह रायबरेली से अपना भाग्य आजमा रहे हैं। उनके खिलाफ बीजेपी ने एमएलसी दिनेश प्रताप सिंह को उम्मीदवार बनाया है।

राजनाथ सिंह: बीजेपी के दिग्गज नेता उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व गृहमंत्री और वर्तमान रक्षामंत्री राजनाथ सिंह इस बार भी लखनऊ से अपना किस्मत आजमा रहे हैं। मोदी कैबिनेट में दूसरे नंबर के मंत्री राजनाथ सिंह उत्तर प्रदेश से आते हैं और चंदौली जिले के मूल निवासी हैं। BJP के सबसे कद्दावर नेताओं में उनकी गिनती होती है। ऐसे में सपा ने राजनाथ के सामने रविदास मेहरोत्रा को प्रत्याशी बनाया है।

पीयूष गोयल: मोदी कैबिनेट के चर्चित मंत्री पीयूष गोयल को बीजेपी ने मुंबई उत्तरी सीट से प्रत्याशी घोषित किया है। इस सीट पर उनका मुकाबला भूषण पाटिल से होगा, जो अभिनेता से नेता बने हैं। पिछली बार इसी सीट से एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर ने कांग्रेस से अपना भाग्य आजमाई थीं, लेकिन उन्हें भाजपा के गोपाल शेट्टी ने बुरी तरह से हराया था।

स्मृति ईरानी: केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी इस बार भी अमेठी से ही चुनाव लड़ रही हैं। पिछले चुनाव में उन्होंने राहुल गांधी को हराकर बड़ा उलटफेर किया था। अपने बयानों और जनता के बीच अपनी लोकप्रियता के लिए जानी जाने वाली स्मृति के सामने इस बार कांग्रेस ने किशोरी लाल शर्मा पर दाव लगाया है।

उमर अब्दुल्ला : नेशनल कांफ्रेंस के दिग्गज नेता फारूक अब्दुल्ला के पुत्र और जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला इस बार बारामुला से चुनाव लड़ रहे हैं। उमर के सामने पीडीपी से फैयाज अहमद मैदान में हैं।

रोहिणी आचार्य: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की पुत्री रोहिणी आचार्य सारण लोकसभा सीट से मैदान में हैं। यहां से उनके सामने पूर्व केंद्रीय मंत्री और सारण सीट से दो बार के सांसद राजीव प्रताप रूड़ी चुनाव लड़ रहे हैं। यहां पर रोहिणी के साथ लालू प्रसाद यादव की भी प्रतिष्ठा दांव पर लगी है।

इसके अलावा हाजीपुर से चिराग पासवान, कैसरगंज से बाहुबली सांसद बृजभूषण शरण सिंह के पुत्र करन भूषण सिंह, फतेहपुर से केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति की साख भी दांव पर लगी है।

पांचवे चरण में इन सीटों पर होगा मतदान

लोकसभा के पांचवे चरण में 20 मई को वोट डाले जाएंगे। इस चरण में उत्तर प्रदेश की 14, महाराष्ट्र की 13, पश्चिम बंगाल की 7, बिहार और ओडिशा की पांच-पांच सीटें शामिल हैं। झारखंड की तीन, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की एक-एक सीट पर भी इसी चरण में मतदान होना है।

 

 

 

 

 

Related Articles

Back to top button