ये कैसी महिला सुरक्षा? यूपी में पति के सामने पत्नी की हत्या, हाइवे पर तमंचे के बल पर वारदात, माता के दर्शन से लौट..

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पूर्णागिरी से लौट रहे एक दंपती को देर रात बदमाशों ने घेर लिया और गहनों के लिए पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। पति को गन पॉइंट पर लेकर उसकी आंखों के सामने यह खौफनाक वारदात अंजाम दी गई। वारदात के बाद आरोपी गहने और नकदी लूटकर फरार हो गए।

बाइक रोककर तमंचा दिखाया और हमला किया

घटना बुधवार रात करीब 12 बजे की है। बदायूं जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव व्यूली निवासी ओम शरण अपनी पत्नी अमरवती (35) के साथ पूर्णागिरी माता के दर्शन कर लौट रहे थे। वह अपनी ससुराल, आंवला के मोतीपुरा गांव पहुंचे थे, जहां से साले की बाइक लेकर अपने गांव के लिए रवाना हुए। वजीरगंज हाईवे पर कंठरी मंदिर के पास अचानक 5-6 बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली।

बदमाशों ने तमंचा दिखाकर पति-पत्नी को बाइक से उतारा और बाइक की चाबी छीन ली। इसके बाद उन्होंने महिला से गहने देने को कहा, लेकिन महिला के मना करने पर उन्होंने धारदार हथियार से सिर और चेहरे पर कई वार किए।

गहने लूटकर भागे बदमाश, पति ने किया विरोध तो धमकाया

ओम शरण ने बताया कि बदमाशों ने उनकी पत्नी को बेरहमी से पीटकर उसके कानों के कुंडल और गले से मंगलसूत्र लूट लिया। उनके पास रखी नकदी भी छीन ली गई। जब ओम शरण ने विरोध किया तो उनके सिर पर तमंचा सटा दिया और धमकाया कि शोर मचाया तो गोली मार देंगे। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

अस्पताल में महिला को मृत घोषित किया गया

बदमाशों के भागने के बाद ओम शरण ने पहले अपने साले को फोन किया और फिर डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को एंबुलेंस से आंवला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। मृतका के दो बच्चे हैं — एक बेटा और एक बेटी।

मौके पर पहुंचा पुलिस प्रशासन, साक्ष्य जुटाए

घटना की जानकारी मिलते ही बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी साउथ अंशिका वर्मा, एसओजी, सर्विलांस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। मौके से तमाम साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

साले ने दी जानकारी: रोकने पर भी नहीं रुके थे दंपती

ओम शरण के साले ने बताया कि उन्होंने जीजा को रात में रोकने की सलाह दी थी लेकिन उन्होंने कहा कि घर में बच्चे अकेले हैं, इसलिए लौटना जरूरी है। रात करीब 12:15 बजे जीजा का फोन आया और उन्होंने रोते हुए कहा कि कुछ बहुत बुरा हो गया है।

पुलिस जांच: हत्या ही है मुख्य मकसद, मिले गहने

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि पुलिस को रात करीब 12:30 बजे सूचना मिली थी। जांच में पाया गया कि बदमाश पैदल आए थे। ओम शरण की पत्नी की हत्या कर गहने और नकदी लूट ली गई। हालांकि, पुलिस को मौके से कुंडल और मंगलसूत्र बरामद हो गए हैं, जिससे यह अंदेशा है कि हत्या ही मुख्य उद्देश्य था, लूट का नहीं।

ओम शरण को कोई गंभीर चोट नहीं आई, सिर्फ छाती पर नाखून के निशान पाए गए हैं।

बदमाशों की तलाश तेज, तीन टीमें गठित

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तीन टीमों का गठन किया है। एसपी साउथ के नेतृत्व में एसओजी, सर्विलांस और फील्ड यूनिट मिलकर जांच कर रही हैं। अब तक कई अहम सुराग हाथ लगे हैं और पुलिस का दावा है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button