बागपत : छत पर चढ़ी गाय, नीचे कूदी तो ले ली किसान की जान

बागपत। जिले के रमाला थाना क्षेत्र के सूप गांव में एक बुजुर्ग किसान की दर्दनाक मौत हो गई। मंगलवार को 66 वर्षीय किसान निर्भय सिंह घर पर गाय को नहला रहे थे। इसी दौरान गाय रस्सा छुड़ाकर सीढ़ियों के रास्ते होते हुए छत पर चढ़ गई। छत से गाय को नीचे उतारने के लिए प्रयास शुरू कर दिए।
इसी दौरान कुछ और लोग वहां आ गए। गाय को उतारने के लिए दो-तीन लोग जैसे ही छत पर चढ़े तो गाय अचानक छत से सीढ़ियों पर कूद गई। सीढ़ियों पर निर्भय सिंह खड़े हुए थे जो गाय के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए और कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। निर्भय सिंह चीनी मिल से रिटायर्ड कर्मचारी थे। निर्भय सिंह की मौत के बाद घर में कोहराम मचा हुआ है। इस मामले में एसओ हेमेंद्र बालियान ने बताया कि छत से गाय के कूदने के दौरान निर्भय सिंह की मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम को भेजा है।

Related Articles

Back to top button