दिल्ली सरकार स्कूली बच्चों को बांटेगी एन95 मास्क, ये है वजह

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने बुधवार दोपहर बड़ी घोषणा की। दिल्ली में बढ़ रहे प्रदूषण के चलते दिल्ली सरकार ने राजधानी के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के बच्चो को N95 मास्क बांटने का एलान किया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने प्रेस कांफ्रेंस कर और ट्वीट कर दिल्ली सरकार के इस कदम की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने ट्वीट कर लिखा, ‘1 नवंबर से दिल्ली सरकार राजधानी के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में बच्चो को कुल 50,00,000 N95 मास्क का वितरण करेगी। इस योजना में हर बच्चे को 2 मास्क का एक पैकेज दिया जायेगा।’ इसके साथ ही दिल्ली सरकार ने प्रेस कांफ्रेंस कर इस योजना के बारे में विस्तार से बताया। दिल्ली सरकार ने ये कदम दिल्ली में बढ़ रहे प्रदूषण को मद्देनज़र रखते हुए उठाया। उन्होंने बताया कि प्रदूषण से दिल्ली के लोगों को बचाने के लिए 1 नवंबर से अगले एक हफ्ते तक सभी स्कूलों में बच्चो को मास्क दिए जायेंगे। मुख्यमंत्री ने राजधानी के उपमुख्यमंत्री के साथ की इस प्रेस कांफ्रेंस में अपने पडोसी राज्यों से पराली जलाने के खिलाफ कोई ठोस कदम उठाने की भी अपील की।

गौरतलब है कि दिवाली के एक हफ्ते पहले से ही दिल्ली की हवा की गुणवत्ता जानलेवा स्तर पर थी। दिवाली से एक दिन पहले तक भी दिल्ली की हवा का AQI 300 के करीब था। वही दिवाली की देर रात दिल्ली के कई इलाको में हवा का AQI 800 पार था। दिवाली के अगले दिन भी दिल्ली के लगभग सभी इलाको की हवा की गणवत्ता 300 के करीब यानी ‘बेहद खराब’ थी। इसकी मुख्य वजह दिवाली के समय लोगो द्वारा पटाखे फोड़ना, और दिल्ली के पडोसी राज्यों में पराली जलाना है।

Related Articles

Back to top button