अमित शाह का विध्यांचल में विपक्ष पर हमला

शाह ने विपक्ष पर साधा निशाना, कहा- वोटकैंब से डरकर आज तक बृज, चित्रकूट, अयोध्या, काशी और प्रयाग का विकास नहीं किया; अखिलेश-मायावती से मांगा 15 साल का हिसाब

गृहमंत्री अमित शाह ने मिर्जापुर में विंध्य कॉरिडोर का शिलान्यास किया। इस मौके पर विपक्ष को आड़े हाथों लिया। कहा, पहले कुंभ को रोक दिया जाता था। अव्यवस्थाएं होती थीं। लोग भगदड़ में मारे जाते थे। लेकिन इस बार जो कुंभ हुआ वैसा कभी नहीं हुआ। ऐसा मैंने अपने जीवन में कभी नहीं देखा। बचपन में जब मैं काशी विश्वनाथ आता था तब मन उदास हो जाता था। अब इसे भव्य बनाया जा रहा है। शाह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, इससे पहले बृज, चित्रकूट, अयोध्या, काशी, मां विंध्यवासिनी, प्रयाग का विकास क्यों नहीं हुआ? क्योंकि आप वोटबैंक की राजनीति से डरते थे। भाजपा नहीं डरती है।

ओबीसी, गरीबों के लिए काम किया
नीट में आरक्षण को लेकर भी शाम ने पीएम मोदी की तारीफ की। कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछड़ों और गरीबों के कल्याण के लिए ये बड़ा फैसला लिया। कोरोना के दौरान गरीबों को मुफ्त अनाज देने का काम किया। गैस चूल्हा, हर घर पानी, बिजली देने का काम किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2017 चुनावी घोषणा पत्र में किए गए एक-एक वादे को पूरा किया। 5 लाख 50 हजार 270 हजार करोड़ का बजट लाकर विकास किया।

योगी ने कहा- प्रदेश के 403 विधानसभा क्षेत्रों को पर्यटन के लिए विकसित किया जाएगा

मां विंध्यवासिनी के क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज बनेगा।पर्यटन के क्षेत्र में विकास का काम होगा।403 विधानसभा क्षेत्र में कहीं न कहीं पर्यटन का क्षेत्र विकसित किया जा रहा है।प्रधानमंत्री ने संस्कृति को बढ़ावा दिया। काशी, चित्रकूट, विंध्याचल, श्रृंगवेरपुर को विकसित किया।कभी लोग सोचते नहीं थे कि तीर्थ में रोप-वे लगेगा। आज ये संभव हो रहा है।

अनुप्रिया पटेल ने कहा, 370 खत्म कर भारत को मजबूत किया

370 अनुच्छेद खत्म करके न केवल भारत को एक करने का काम किया, बल्कि मजबूत करने का काम किया।भारत की सीमाओं को सुरक्षित करने के लिए गृहमंत्री के रूप में लगातार इन्फ्रास्ट्रक्चर का निर्माण कर रहे हैं।डेवलपमेंट के लिए न जाने कितने पुल और सड़कों का निर्माण करवा रहे हैं।भारत की सीमाएं आज कहीं ज्यादा सुरक्षित हो रहीं हैं।पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत बदल रहा है।

लखनऊ में अखिलेश पर साधा निशाना
मिर्जापुर से पहले लखनऊ में अमित शाह ने स्‍टेट फॉरेंसिक साइंस इंस्टीट्यूट का शिलान्यास किया। यहां समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला। बगैर अखिलेश का नाम लिए शाह ने कहा- जब बाढ़ से उत्तर प्रदेश के लोग परेशान थे। किसान कर्ज और भूख से परेशान थे तब आप लोग मौज मस्ती कर रहे थे। जब लोगों के घरों में बिजली नहीं थी, पानी नहीं था।

महिलाओं को शौच के लिए बाहर जाना पड़ता था। माताओं को चूल्हे फूंकने पड़ते थे। धुंआ उनके फेफड़ों तक पहुंचता था। वो बीमार होती थीं। गरीबों के सिर पर छत नहीं था, तब आपको कुछ नहीं दिखाई दिया। आज चुनाव आते ही आप नए कपड़े पहनकर आ गए। अखबारों में बयान देने लगे। लोगों से झूठा वादा करने लगे। अमित शाह आज एक दिन के यूपी दौरे पर हैं।

शाह ने योगी की तारीफ की
गृह मंत्री ने योगी को प्रदेश का अब तक का सबसे कामयाब मुख्यमंत्री बताया। बोले, सीएम योगी ने यूपी की तस्वीर बदल दी। वापस कानून राज ला दिया। पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि तब लोग यहां आतंकित थे। आम लोगों का जीना मुश्किल था।

शाह ने और क्या कहा?

शाह ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी जब गुजरात में मुख्यमंत्री थे तो गांधीनगर में राष्ट्रीय फॉरेंसिक यूनिवर्सिटी बनाई। अब यहां योगी ने बनवाई है।पश्चिमी यूपी से लोग पलायन कर रहे थे। प्रदेश दंगा ग्रस्त था। महिलाएं असुरक्षित महसूस करती थीं। भू-माफिया गरीब और सरकार की जमीनों पर अवैध रूप से कब्जा कर रहे थे। लेकिन चार साल के शासन के बाद उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित हो चुका है।भाजपा की सरकारें जातीय आधार पर नहीं चलती हैं। परिवार के आधार पर नहीं चलती हैं। हमारी सरकार समाज के सबसे आखिरी व्यक्ति के लिए काम करती है। यूपी में किसानों, गरीबों, सबके लिए काम किया है। परंपरा में मिली लचर स्वास्थ्य व्यवस्था को भी सुधारा है।यूरोप से बड़ी आबादी वाला यूपी आज वैक्सीनेशन में भी सबसे आगे है। यूपी अपने नागरिकों को सुरक्षा देने में भी नंबर एक है। इसी परिवर्तन के लिए जनता ने 300 से ज्यादा सीटें देकर भाजपा को सत्ता में लेकर आई थी।

गृहमंत्री अमित शाह ने लखनऊ में इंस्टिट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंस का शिलान्यास किया।।

योगी बोले- आज माफियाओं में डर का माहौल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, गृहमंत्री के हाथों आज उत्तर प्रदेश इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंसेज का शिलान्यास हुआ है। 2017 से पहले उत्तर प्रदेश दंगों का प्रदेश माना जाता था, माफियाओं का कब्जा था। प्रदेश में 4 वर्षों के अंदर जो परिवर्तन हुआ है, वो गृहमंत्री की वजह से ही है।प्रदेश में जो परिवर्तन हुआ है वो किसी से छिपा नहीं है। उत्तर प्रदेश पुलिस अब नए सिरे से काम करती दिखाई दे रही है। प्रदेश में पेशेवर माफियाओं और गैंगेस्टरों से 1584 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की गई। आज माफियाओं में डर का माहौल है। महिलाएं सुरक्षित हैं, नागरिक सुरक्षित हैं।

मिर्जापुर जिले में शाह का तीन साल में दूसरा दौरा
शाह 4 घंटे यहां रहेंगे और 288 करोड़ की 90 योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास भी करेंगे। मिर्जापुर में उनका तीन साल में यह दूसरा दौरा है। बता दें कि वाराणसी के काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर मिर्जापुर में विंध्य कॉरिडोर की योजना बीते साल से ही योगी सरकार तैयार कर रही थी।

2000 पुलिसकर्मी सुरक्षा में, ड्रोन से रखी जा रही नजर
अमित शाह और सीएम योगी के दौरे को देखते हुए मिर्जापुर में सुरक्षा व्यवस्था की पुख्ता की गई है। भारी वाहनों का प्रवेश मिर्जापुर में बंद है। उनके लिए वैकल्पिक रास्तों की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा में 2000 पुलिसकर्मियों को लगाया है, जबकि एटीएस के जवान और डॉग स्क्वॉयड भी जगह-जगह मौजूद है।

गृहमंत्री अमित शाह और सीएम योगी आदित्यनाथ के आगमन से पहले सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर में रंग बिरंगी लाइट लगाई गई है।

श्रद्धालु 4 घंटे नहीं कर सकेंगे दर्शन
दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक श्रद्धालु विंध्यवासिनी माता के दर्शन नहीं सकेंगे। सुरक्षा के लिहाज से यह निर्णय लिया गया है। शाह के कार्यक्रम के दौरान धाम जाने वाले मार्ग पर भी आवाजाही बंद रही। स्थानीय लोगों को भी इस समय पर अपने घरों में ही रहने के लिए कहा गया है।

मंदिर के बाहर कराए जा रहे कार्य का जायजा लेने के लिए अधिकारियों का आना जाना लगा रहा। सभी तरह की व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली गई हैं।

ऐसा है गृहमंत्री का प्रोटोकॉल
विंध्यवासिनी धाम में भूमि पूजन और मां विंध्यवासिनी का दर्शन करेंगे। इसके बाद राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में लोकार्पण और विभिन्न योजनाओं की घोषणा करेंगे। करीब 1 घंटा का समय जनसभा के लिए तय किया गया है। इसके बाद गोवर्धनदास बिनानी कालेज में बने हेलीपैड के लिए रवाना होंगे। जहां से वह वाराणसी बाबतपुर एयरपोर्ट के लिए उड़ जाएंगे।

झालरों से सजा मंदिर, जर्मन हैंगर टेंट में होगी जनसभा
गृहमंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर रंग-बिरंगी झालरों से पूरा मंदिर परिसर सजाया गया है। वहीं, जीआईसी मैदान में होने वाली जनसभा के लिए जर्मन हैंगर के दो पंडाल तैयार किए जा रहे हैं, ताकि उसमे भारी बारिश में भी 5000 लोग बैठ सके।

क्या है विंध्य कॉरिडोर?
प्रदेश सरकार ने 30 अक्टूबर 2020 को काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर मिर्जापुर में विंध्य कॉरिडोर के निर्माण को मंजूरी दी थी। इसकी कुल लागत 331 करोड़ रुपए है। इसके तहत मंदिर से लगे चार प्रमुख मार्गों का चौड़ीकरण होगा। यहां परिक्रमा पथ के लिए आसपास के 92 भवन ध्वस्त हो चुके हैं। निर्माण पूरा होने के बाद मंदिर से गंगा के दर्शन और गंगा तट से मां विंध्यवासिनी के दर्शन होंगे।

Related Articles

Back to top button