जोधपुर से दिल्ली के लिए विमान सेवा मंगलवार से

जोधपुर। कोरोना महामारी के कारण बंद विमान सेवाएं अब धीरे-धीरे वापस शुरू हो रही है। चेन्नई, बेंगलुरु और मुंबई के बाद अब देश की राजधानी दिल्ली से भी कनेक्टिविटी हो रही है। एयर इंडिया की जोधपुर-दिल्ली फ्लाइट मंगलवार से शुरू हो रही है। यह सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी। एयर इंडिया की जोधपुर-दिल्ली फ्लाइट शुरू होने के बाद शहर से चार शहरों चेन्नई, बेंगलुरु, मुंबई और दिल्ली के लिए एयर कनेक्टिविटी कायम हो जाएगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एयर इंडिया की दिल्ली-जोधपुर फ्लाइट संख्या एआई-475 दोपहर तीन बजे दिल्ली से रवाना होकर शाम 4.15 बजे जोधपुर आएगी। वहीं जोधपुर-दिल्ली फ्लाइट एआई-476 शाम पांच बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी जो शाम 6.20 पर दिल्ली पहुंचेगी। बता दे कि लॉकडाउन के बाद 25 मार्च से जोधपुर की दिल्ली से एयर कनेक्टिविटी बंद थी जिस कारण दिल्ली आने-जाने में परेशानी हो रही थी। हालांकि जोधपुर से दिल्ली के लिए वर्तमान में दो ट्रेनें सम्पर्क क्रांति और दिल्ली मेल चल रही है। लॉकडाउन के बाद सबसे पहले दो सितंबर से इंडिगो ने चेन्नई और बेंगलुरु के लिए जोधपुर से उड़ान शुरू की थी। इसके करीब एक सप्ताह बाद मुंबई के लिए भी हवाई सेवा शुरू कर दी गई। इंडिगो एयरलाइंस कंपनी की 3 शहरों के लिए फ्लाइट से संचालित हो रही है। अब दिल्ली भी विमान सेवा में जुड़ गया है।

Related Articles

Back to top button