होलिका दहन के साथ शुरू हुआ होली का हुड़दंग, रंग और गुलाल से सरोबार हुआ आगरा

शहरभर में 850 से ज्यादा स्थलों पर होलिका दहन किया गया। इस दौरान लोगों ने एक दूसरे के गले मिलकर प्रेम और सौहार्द के इस पर्व की बधाई दी। वहीं आज सुबह से ही शहर में रंगों का उत्सव शुरू हो गया।

शहरभर में बृहस्पतिवार को 850 से ज्यादा स्थलों पर होलिका दहन किया गया। दोपहर को महिलाओं ने रंगोली सजाने के बाद परिक्रमा लगाकर सूत बांधा। पूजा अर्चना करके बच्चों के आरोग्य की प्रार्थना की। शाम को शुभ मुहूर्त में होलिका दहन किया गया तो लोगों ने होली में गेहूं की बालियां और होले भूने। इसके बाद आज सुबह से रंगभरी होली की शुरूआत हो गई।

शहरभर में रंग भरनी एकादशी से ही चौराहों पर होली की चौक पर लकड़ियां और कंडे आदि जमा होना शुरू हो गए थे। बृहस्पतिवार को सुबह से ही होली को बड़ा करने के लिए युवाओं की टोलियां लगी रहीं। दोपहर को महिलाओं ने होलिका दहन स्थलों पर पहुंचकर रंगोली बनाकर पूजा अर्चना की। बच्चों के आरोग्य के लिए होलिका माता से प्रार्थना की गई।

सेंट जोंस चौराहा, किदवई पार्क, कमला नगर, सदर बाजार, लोहामंडी, बल्केश्वर, बेलनगंज, बांस दरवाजा समेत 850 से ज्यादा स्थलों पर शहर और जिले में 3200 स्थलों पर होलिका दहन हुए। इस दौरान पुलिस ने भी सतर्कता बरती। शुक्रवार की सुबह से ही होली का हुड़दंग शुरू हो गया।
डीजे साउंड सिस्टम पर थिरके युवा
मोहल्लों में डीजे साउंड सिस्टम पर चलते होली के गीतों पर युवा थिरकते नजर आए। युवाओं ने होली का अपने ही अंदाज में लुत्फ उठाया। इस मौके पर ठंडाई का भी प्रबंध किया गया। जहां बच्चों में रंग खेलने को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया, तो वहीं बुजुर्गों ने भी बड़ी ही सादगी के साथ एक दूसरे के गुलाल लगाकर होली के पर्व की बधाई दी।
सोशल मीडिया पर छाये होली के रंग
होली के पर्व पर जो लोग दूर दराज के अपने रिश्तेदारों और परिजनों संग होली नहीं खेल सकें, उन्होंने सोशल मीडिया के जरिये होली के रंग बिखेरे। सोशल मीडिया पर होली की धूम मची दिखाई दी। खूबसूरत मैसेज, शायरी व कविता आदि से सोशल मीडिया सराबोर रहा।

Related Articles

Back to top button