भगवान बजरंगबली की प्रतिमा का अपमान करने पर प्रशासन ने चलाया बुलडोज़र

मध्य प्रदेश के शहपुरा में भगवान बजरंगबली की प्रतिमा का अपमान करने वाले अमजद खान का कच्चा मकान प्रशासन ने बुलडोजर से ढहा दिया।

मध्य प्रदेश के शहपुरा के मां शारदा टेकरी के पास स्थित भगवान बजरंगबली मंदिर की प्रतिमा का अपमान करने के मामले में लोगों ने विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया है। लोगों ने बाजार को पूरी तरह से बंद कर जबलपुर अमरकंटक मुख्य मार्ग को जाम कर दिया है।

जानकारी मिलने पर कलेक्टर विकास मिश्रा, पुलिस अधीक्षक (SP) संजीव सिन्हा मौके पर पहुंचे। लोगों ने भगवान बजरंगबली की प्रतिमा को अपमानित करने वाले आरोपियों फिरोज खान और अमजद खान के खिलाफ एनएसए के तहत मामला दर्ज करने और उसका घर गिराने की मांग कर रहे थे, जिसके बाद आनन-फानन में आरोपित अमजद खान का शहपुरा में स्थित कच्चा मकान बुलडोजर से ढहा दिया गया। इस दौरान भारी पुलिस फोर्स मौजूद रही।

दोनों आरोपितों पर एनएसए के तहत कार्रवाई का प्रस्ताव जिले से मंत्रालय भेजने की जानकारी जब अधिकारियों ने दी तभी प्रदर्शनकारी माने। दोपहर 3 बजे के बाद ही इस मार्ग में आवागमन बहाल हो सका।

घटना के विरोध में लोगों ने शहर में पैदल मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस लाइन समेत विक्रमपुर, शाहपुर, मेहेदवानी और अन्य थाना चौकियों की पुलिस भी मौके पर पहुंची।

प्रदर्शन में शामिल होने के लिए ग्रामीण अंचलों से भी हजारों की संख्या में लोग शहपुरा पहुंचे। इस दौरान लोगों ने ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया।

जब आरोपित अमजद का मकान गिराया गया तो उस समय मकान में ताला लगा हुआ था। कच्चा मकान पर कार्रवाई करने के साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे उसके घर को छोड़ दिया गया। बताया जाता है कि आरोपित के परिजन भी शहपुरा से गायब हैं।

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने दूसरे आरोपित निलंबित वनरक्षक फिरोज खान के मकान को भी गिराने की मांग की। बताया जाता है कि उसका मकान शहजोडल जिले में है।

Related Articles

Back to top button