रायबरेली में अदिति सिंह ने प्रियंका को दी नसीहत:महिलाओं को आगे लाने के फैसले पर उठाए सवाल,

कहा- प्रियंका गांधी पहले खुद को करें मजबूत; पार्टी को संभालें, पुराने नेता छोड़कर जा रहे

प्रियंका गांधी के महिलाओं को मजबूत करने के बयान पर अदिति सिंह ने कमेंट किया है।

रायबरेली से कांग्रेस की बागी विधायक अदिति सिंह ने एक बार फिर बगावती अंदाज दिखाए हैं। प्रियंका गांधी के महिलाओं को मजबूत करने के बयान पर उन्होंने कमेंट किया है। अदिति ने कहा है कि महिलाओं को मजबूत करने से पहले प्रियंका खुद को मजबूत करें। इतना ही नहीं, समय-समय पर उनका भाजपा प्रेम भी दिख रहा है। हाल ही में, अदिति ने भाजपा के समर्थित प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया था। ट्विटर पर भी वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गुणगान करती दिख रही हैं।

ऐसा नहीं है कि यह पहला मौका है, इससे पहले भी अदिति सिंह कांग्रेस के खिलाफ बयान देकर विवादों में रही हैं। बता दें कि अदिति सिंह के पति अंगद सिंह भी पंजाब के शहीद भगत सिंह नगर से कांग्रेस से ही विधायक हैं।

यह बोलीं, अदिति सिंह
अदिति सिंह ने यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में महिलाओं को 40 प्रतिशत सीट देने के प्रियंका गांधी के फैसले को अच्छा तो बताया लेकिन साथ में नसीहत भी दी। उन्होंने कहा कि प्रियंका पहले खुद के हाथ मजबूत कर लें। इसके बाद कोई बड़ा फैसला लें।

कांग्रेस को दी नसीहत
दरअसल, आगामी चुनाव में प्रियंका के हाथ मजबूत करने के सवाल पर अदिति सिंह ने यह तीखा जवाब दिया। वह यहीं नहीं रुकीं, उन्होंने यह भी कहा कि देश की सबसे पुरानी पार्टी में नेताओं को पार्टी में कैसे बनाए रखना है, सबसे पहले कांग्रेस पार्टी इस पर मंथन कर लें। अगर इस पर गहन मंथन किया गया तो ठीक रहेगा। पुराने नेता कांग्रेस को छोड़ रहे हैं।

अदिति के पहले भी रहे बगावती तेवर

एक साल पहले अदित‍ि सिंह ने कमला नेहरू एजुकेशनल सोसायटी की जमीनों को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला था। उन्‍होंने सोसायटी की आर्थिक गतिविधियों को लेकर आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्‍ल्‍यू) को चिट्ठी लिखकर शिकायत दर्ज कराई थी।राहुल गांधी पर निशाना साधा था। राहुल गांधी ने बयान दिया था कि वह पहले 15 वर्षों के लिए मैं उत्तर (भारत) से सांसद थे। एक अलग प्रकार की राजनीति की आदत हो गई थी। केरल आने पर अलग तरह का अनुभव हुआ क्योंकि अचानक पाया कि लोग मुद्दों में रुचि रखते हैं और न केवल सतही तौर पर बल्कि मुद्दों में विस्तार से जाते हैं। इस पर अदिति ने उनसे माफी मांगने के लिए कहा था।

खबरें और भी हैं…

Related Articles

Back to top button