82 साल के हुए ‘रामायण’ में रावण का किरदार निभाने वाले एक्‍टर, सुनील लहरी ने दी जन्मदिन की बधाई

सीरियल ‘रामायण’ में लंकापति रावण का किरदार निभाने वाले अभिनेता अरविंद त्रिवेदी का आज 82वां जन्मदिन हैं। उनका जन्म 8 नवंबर 1938 को इंदौर (मध्य प्रदेश) में जेठालाल त्रिवेदी के घर हुआ था। अरविंद त्रिवेदी रावण का किरदार निभाने के लिए सबसे ज्यादा प्रसिद्ध हैं। उन्होंने सीरियल विक्रम और बेताल में भी अभिनय किया। त्रिवेदी ने हिंदी और गुजराती सहित लगभग 300 फिल्मों में अभिनय किया है। उन्होंने कई सामाजिक और पौराणिक फिल्मों में अभिनय किया है।
‘रामायण’ में ‘लक्ष्मण’ का किरदार निभाने वाले अभिनेता सुनील लहरी ने सोशल मीडिया पर अरविंद त्रिवेदी को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने ट्विटर पर अरविंद त्रिवेदी की तस्वीरें शेयर कर लिखा-‘अरविंद त्रिवेदी जी (लंकेश/रावण) को जन्मदिन की हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं लंबी, खुशहाल स्वस्थ जिंदगी के लिए।’

अरविंद त्रिवेदी भगवान राम और शिव के भक्त हैं। ‘रामायण’ में वह केवट का किरदार निभाना चाहते थे। वह केवट का ऑडिशन देने के लिए गुजरात से मुंबई आए थे। उनकी लैंग्वेज और एटीट्यूड देखकर रामानंद सागर ने कहा कि मुझे मेरा रावण मिल गया। इस तरह उन्हें ‘रामायण’ में रावण का किरदार निभाने का मौका मिला। पिछले दिनों अरविंद त्रिवेदी का एक वीडियो वायरल हुआ था।
इस वीडियो में वह ‘रामायण’ देखते नजर आ रहे थे। रामानंद सागर की ‘रामायण’ ने 33 वर्ष बाद भी बीते 16 अप्रैल को 7.7 करोड़ की व्यूवरशिप दर्ज की थी। दूरदर्शन पर 80 के दशक का मशहूर धारावाहिक ‘रामायण’ में अरुण गोविल ने राम और दीपिका चिखलिया ने सीता, अरविंद त्रिवेदी ने रावण और दारा सिंह ने हनुमान की भूमिका निभाई थी। रामानंद सागर की यह सीरियल 25 जनवरी 1987 से 31 जुलाई 1988 तक चली थी।
अरविंद त्रिवेदी ने राजनीति में भी कदम रखा था। 1991 में अरविंद त्रिवेदी गुजरात की साबरकांठा लोकसभा सीट से सांसद चुने गए थे। अरविंद त्रिवेदी ने 2002 से 2003 तक भारतीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) के अध्यक्ष के रूप में काम किया। अरविंद त्रिवेदी ने 1966 में नलिनी से शादी की थी और उनकी तीन बेटियां है। उनके भाई उपेंद्र त्रिवेदी भी गुजराती फिल्म अभिनेता थे।

Related Articles

Back to top button