मॉर्फ्ड वीडियो मामले में बुरे फंसे CM भगवंत मान समेत AAP के बड़े नेता, कांग्रेस नेता की ‘FIR’ से हड़कंप !

पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता व वरिष्ठ कांग्रेस विधायक प्रताप सिंह बाजवा ने आम आदमी पार्टी (AAP) के शीर्ष नेतृत्व पर राजनीतिक साजिश का गंभीर आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराने के लिए औपचारिक शिकायत दी है। इस शिकायत में उन्होंने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा सहित कुछ अन्य सहयोगियों को मुख्य आरोपी बताया है।

वीडियो से छेड़छाड़ का आरोप, महिला विधायक का संदर्भ हटाया गया

बाजवा ने अपनी लिखित शिकायत में स्पष्ट किया है कि 25 जून 2025 को उन्होंने एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने पंजाब विजिलेंस ब्यूरो की कार्यप्रणाली और महिला विधायक गनीव कौर मजीठिया के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार की आलोचना की थी।
लेकिन, उन्होंने आरोप लगाया कि उस वीडियो को जानबूझकर एडिट किया गया, जिससे उसमें से गनीव कौर का संदर्भ हटा दिया गया और ऐसा दिखाया गया जैसे बाजवा बिक्रम मजीठिया का समर्थन कर रहे हैं, जो वर्तमान में पुलिस हिरासत में हैं।

चंडीगढ़ पुलिस को सौंपी शिकायत, पेन ड्राइव में दिए सबूत

बाजवा ने चंडीगढ़ सेक्टर-3 पुलिस स्टेशन के SHO को दी गई शिकायत में एक पेन ड्राइव भी सौंपी है जिसमें मूल और एडिटेड वीडियो दोनों मौजूद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह राजनीतिक साजिश उनकी और कांग्रेस पार्टी की छवि को खराब करने के उद्देश्य से की गई है।
बाजवा ने स्पष्ट किया कि इस फर्जी वीडियो को AAP नेताओं ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स से व्यापक रूप से शेयर किया, जिससे जनता को भ्रमित किया जा सके।

राजनीतिक ध्यान भटकाने की रणनीति का आरोप

बाजवा का कहना है कि इस तरह का वीडियो पंजाब विजिलेंस ब्यूरो की अवैध कार्रवाईयों से ध्यान भटकाने की कोशिश है। उन्होंने दावा किया कि इस मॉर्फ्ड वीडियो का उपयोग करके AAP सरकार यह दिखाना चाहती है कि विपक्ष बिक्रम मजीठिया जैसे नेताओं के समर्थन में है, जबकि असल मुद्दा एक महिला विधायक के घर में जबरन घुसने की कार्रवाई और पंजाब विजिलेंस की बर्बरता है।

FIR की मांग, IT एक्ट और BNS की धाराएं लगें

शिकायत में बाजवा ने भारतीय न्याय संहिता 2023 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) के तहत तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू करने की मांग की है। उन्होंने इसे राजनीति से प्रेरित एक सुनियोजित हमला करार देते हुए कहा कि इससे उनकी सार्वजनिक और व्यक्तिगत प्रतिष्ठा को गंभीर नुकसान पहुंचा है।

 

Related Articles

Back to top button