भाजपा नेता का आपत्तिजनक वीडियो वायरल, महिला आई सामने.. थाने में कर दी FIR.. यूपी में सियासी बवाल !

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में वह एक महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में नजर आ रहे हैं। मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है, लेकिन अब इस वीडियो में नजर आ रही महिला ने सामने आकर अपनी चुप्पी तोड़ी है और पूरी घटना का विस्तृत विवरण पुलिस को दिया है।

महिला ने दर्ज कराई एफआईआर

महिला ने गोंडा के छपिया थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें बदनाम करने के उद्देश्य से वीडियो को गलत ढंग से पेश किया गया है। महिला के मुताबिक, वीडियो को राजनीतिक उद्देश्य से वायरल किया गया ताकि भाजपा जिलाध्यक्ष की छवि को नुकसान पहुंचाया जा सके।

“बीमार थी, मदद मांगी थी” – महिला ने बताई वीडियो की पृष्ठभूमि

महिला ने बताया कि घटना 12 अप्रैल की है। उस दिन वह लखनऊ से लौट रही थीं और रात करीब 9:30 बजे गोंडा रेलवे स्टेशन पर पहुंचीं। उनकी तबीयत खराब हो रही थी और उन्हें चक्कर आ रहा था। इसी हालत में उन्होंने अमर किशोर कश्यप को कॉल किया और मदद मांगी। महिला ने बताया, “मैंने उनसे कहा कि मेरी तबीयत खराब है, हमें थोड़ी देर के लिए रुकने की जगह चाहिए या घर भिजवा दीजिए।”

“पैर फिसला, तभी उन्होंने सहारा दिया” – महिला की सफाई

महिला ने कहा कि भाजपा जिलाध्यक्ष खुद स्टेशन आए और उन्हें रिसीव किया। इसी दौरान उनका कोई अर्जेंट फोन आया, जिस कारण वह महिला को अपने कार्यालय ले गए और कहा कि थोड़ी देर वहां रुकें। महिला ने आगे कहा, “मैं ऊपर चढ़ रही थी तभी मेरा पैर फिसल गया और मुझे चक्कर आ गया। जिलाध्यक्ष पीछे खड़े थे, उन्होंने तुरंत मुझे थाम लिया और कमरे में ले जाकर आराम करने को कहा।”

“हमारे पारिवारिक संबंध हैं, वह पिता तुल्य हैं” – महिला

महिला ने वायरल वीडियो को राजनीतिक साजिश बताते हुए कहा कि उनका और उनके परिवार का भाजपा जिलाध्यक्ष के साथ वर्षों पुराना पारिवारिक रिश्ता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि, “मैं कोई बच्ची नहीं हूं जिसे कोई बहला सकता है। मुझे उन पर भरोसा था इसलिए ही मदद मांगी। वह मेरे पिता तुल्य हैं। मेरे पति भी उन्हें परिवार का सदस्य मानते हैं।”

मानहानि का दावा करने की चेतावनी

महिला ने बताया कि जिन लोगों ने इस वीडियो को वायरल किया है और अफवाह फैलाई है, उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कर दी है। यदि मामला नहीं रुका तो वह मानहानि का दावा करेंगी और महिला आयोग का दरवाजा भी खटखटाएंगी। उन्होंने कहा, “मेरी भी इज्जत है और हमारे जिलाध्यक्ष की भी। कुछ लोग इसे राजनीतिक रंग देकर बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।”

Related Articles

Back to top button