आज मुंबई में लॉन्च होगा 7-Eleven का पहला स्टोर, जानिए 18 देशों में काम कर रही इस कंपनी के बारे में सबकुछ

दिग्गज अमेरिकी कंपनी 7-Eleven आज भारत में अपना पहला स्टोर खोलने जा रही है। 7-Eleven भारत में अपने कदम रिलायंस रिटेल वेंचर्स के साथ मिलकर रख रही है।

रिलायंस रिटेल वेंचर्स ने इसके लिए 7-Eleven Inc (SEI) से मास्टर फ्रेंचाइजी एग्रीमेंट किया है। रिलायंस ने बताया कि पहला 7-Eleven स्टोर मुंबई के अंधेरी में शनिवार 9 अक्टूबर को खुलेगा। इसके बाद वह पास-पड़ोस के इलाकों और ग्रेटर मुंबई के कॉमर्शियल एरिया में तेजी से स्टोर्स खोलेगी।

समझते हैं, 7- Eleven क्या है? इसकी क्या खासियत है? भारत में कहां खुल रहा है पहला स्टोर? इससे पहले कब 7-Eleven ने भारतीय मार्केट में एंट्री की कोशिश की थी? दुनिया में कहां-कहां 7-Eleven के स्टोर्स हैं और इस डील से दोनों कंपनियों को क्या फायदा होगा…

कब और कहां खुल रहा है 7 Eleven का पहला स्टोर?
मुंबई के अंधेरी ईस्ट में 9 अक्टूबर को 7 Eleven का पहला स्टोर खोला जाएगा। उसके बाद धीरे-धीरे ग्रेटर मुंबई में स्टोर्स की शुरुआत की जाएगी।

दरअसल, रिलायंस रिटेल की सब्सिडियरी कंपनी ने भारत में अपने स्टोर लॉन्च करने के लिए 7-Eleven, इंक (SEI) के साथ एक मास्टर फ्रेंचाइजी एग्रीमेंट किया है। हाल ही में एग्रीमेंट हुआ है और आज 7-Eleven अपना पहला स्टोर खोलने जा रही है।

तो रिलायंस के रिटेल स्टोर्स का क्या होगा?
देशभर में रिलायंस के खुद के भी रिटेल स्टोर्स हैं। इन्हें रिलायंस फ्रेश नाम से जाना जाता है। इस डील का रिलायंस के रिटेल स्टोर्स पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा, वे पहले की तरह ऑपरेट होते रहेंगे।

अब जानिए 7-Eleven क्या है?
7-Eleven कन्वीनियंस स्टोर्स की मल्टीनेशनल चेन है। कन्वीनियंस स्टोर यानी रोजमर्रा की जरूरत की चीजें मिलने वाला स्टोर। यहां आपको कॉफी, ग्रॉसरी, स्नैक फूड, सॉफ्ट ड्रिंक जैसे कई आइटम मिलते हैं। यानी फिलहाल किसी भी रिटेल स्टोर की तरह ही ये भी होगा। कंपनी के 18 देशों में 70 हजार से भी ज्यादा स्टोर हैं।

7-Eleven में किस तरह के प्रोडक्ट मिलते हैं?

7-Eleven के स्टोर्स में अलग-अलग देशों में अलग-अलग सामान मिलता है। अमेरिका के स्टोर्स में कॉफी, सैंडविच, फ्रूट्स, सलाद, बेकरी आइटम, रेडी-टु-ईट आइटम, डेयरी प्रोडक्ट और एनर्जी ड्रिंक मिलते हैं। अमेरिका में इन स्टोर्स पर शराब भी मिलती है।जापान में 7-Eleven के सबसे ज्यादा स्टोर हैं। इन स्टोर्स पर सूशी से लेकर सूप डंपलिंग्स तक मिलते हैं।इंडोनेशिया में यंग लोगों के बीच 7-Eleven काफी पॉपुलर है। यहां के स्टोर्स में यंग लोगों के लिए फ्री वाईफाई, ओपन स्पेस और म्यूजिकल परफॉर्मेंस होती हैं।इसी तरह कई देशों में 7-Eleven स्टोर्स पर इलेक्ट्रॉनिक आयटम्स भी मिलते हैं। यानी 7-Eleven ने अपने स्टोर्स को देशों के कल्चर के हिसाब से मॉडिफाई किया है।

7-Eleven की खासियत क्या है?

फ्रेश फूड प्रोडक्ट 7-Eleven की खासियत है। साथ ही कंपनी ने कई ऐसे ब्रांड्स के साथ टाइअप कर रखा है, जिनके प्रोडक्ट केवल 7-Eleven के स्टोर में ही मिलते हैं। अफॉर्डेबल और सस्ते फूड प्रोडक्ट के लिए कंपनी जानी जाती है।

डील से दोनों कंपनियों को क्या फायदा?

रिलायंस पहले से भारतीय मार्केट में बड़ी रिटेल कंपनी है। रिलायंस 7 Eleven के बिजनेस मॉडल को भारतीय मार्केट के हिसाब से एडजस्ट करने में मदद करेगी।7 Eleven काफी समय से भारतीय मार्केट में एंट्री करने की कोशिश कर रही है। रिलायंस जैसा पार्टनर मिलना कंपनी के लिए फायदेमंद सौदा साबित होगा।रिलायंस अमेजन और बाकी रिटेल कंपनियों को टक्कर देने के लिए जियोमार्ट लॉन्च कर चुकी है। अमेजन के साथ फ्यूचर रिटेल को लेकर उसका विवाद भी चल रहा है। इस फैसले से भारतीय रिटेल मार्केट में रिलायंस को बढ़त मिलेगी।

साथ ही नए स्टोर खुलने से रोजगार मिलेगा। कंपनी के एशिया, यूरोप और नॉर्थ अमेरिका में 45 हजार से ज्यादा कर्मचारी हैं। रिलायंस ने अपने स्टेटमेंट में कहा है कि आने वाले दिनों में 7 Eleven की तेजी से विस्तार की योजना है। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा।

फिलहाल रिटेल मार्केट में रिलायंस का कितना शेयर?
31 मार्च 2021 तक देशभर में रिलायंस रिटेल के 12 हजार 711 स्टोर्स हैं। ये स्टोर्स 7 हजार से ज्यादा जगहों पर हैं। देश के ऑर्गेनाइज्ड रिटेल मार्केट में रिलायंस का 41 फीसदी हिस्सा है। रिलायंस के बाद अमेजन, फ्लिपकार्ट, डी-मार्ट और फ्यूचर ग्रुप भारतीय रिटेल मार्केट के बड़े नाम हैं।

खबरें और भी हैं…

Related Articles

Back to top button