मेरठ : गर्भवती महिला सहित फिर मिले 3 पॉजिटिव केस, 11 स्वास्थ्य कर्मचारियों को किया गया क्वॉरेंटाइन

मेरठ। जिले में कोरोना के मरीजों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को जांच के दौरान 214 सैंपल में से 3 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इन मरीजों में इमलियान मोहल्ला निवासी गर्भवती महिला के पॉजिटिव मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग के 11 कर्मचारियों को क्वॉरेंटाइन कर दिया गया है। दरअसल, इन स्वास्थ्य कर्मचारियों ने कुछ दिन पहले बिना पीपीई किट के महिला की जांच की थी।

जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ विश्वास चौधरी ने बताया कि शुक्रवार को कुल 214 सैंपल की कोरोना जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है। इनमें से इमलियान निवासी महिला और सरधना व लखीपुरा निवासी व्यक्तियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को कुल 147 सैंपल जांच के लिए गए हैं, जिसकी रिपोर्ट शनिवार को मिलेगी।

उधर, इमलियान निवासी गर्भवती महिला के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मचा है। दरअसल, यह महिला बीती 22 अप्रैल को जिला अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण के लिए गई थी। इस दौरान वह जिला अस्पताल और डफरिन अस्पताल के स्टाफ के संपर्क में आई थी। इसकी जानकारी के बाद जिला अस्पताल स्थित लैब के चार और डफरिन अस्पताल के सात कर्मचारियों को क्वॉरेंटाइन कर दिया गया है। इसी के साथ जिले में कोरोना के कुल पॉजिटिव केस की संख्या 89 हो गई है।

Related Articles

Back to top button