15 किरदारों में उलझा क्रूज ड्रग्स केस:हर चेहरे की एंट्री से बदली केस की दिशा,

आर्यन से शुरू खेल अब बना NCB के गले की फांस

कॉर्डेलिया क्रूज से शुरू हुई ड्रग्स की कहानी हर नए किरदार की एंट्री के साथ बदल रही है। शाहरुख खान के बेटे आर्यन की गिरफ्तारी के बाद नवाब मलिक के नए खुलासों ने इस केस की दिशा ही बदल कर रख दी है। कभी इस केस के हीरो रहे NCB के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े अब सवालों के घेरे में हैं। उनका अपना डिपार्टमेंट उनके खिलाफ जांच शुरू कर चुका है।

महाराष्ट्र के मंत्री मलिक ने वानखेड़े पर फर्जी कास्ट सर्टिफिकेट बनवाने से लेकर उनकी साली के ड्रग्स के धंधे में शामिल होने तक के आरोप लगाए हैं। खुद को सही साबित करने के लिए वानखेड़े SC आयोग से लेकर अदालतों तक में सफाई पेश कर चुके हैं। इस केस में हर दिन नए किरदार के जुड़ने से ड्रग्स की यह गुत्थी सुलझने के बजाय उलझती नजर आ रही है।

आज हम आपको इस केस से जुड़े हर किरदार के बारे में बताएंगे, जिनकी एंट्री के साथ इस केस में नया मोड़ आया।

1. आर्यन खान
क्रूज ड्रग्स केस का सबसे पहला और अहम किरदार है आर्यन खान। NCB की टीम उसे 2 अक्टूबर को कॉर्डेलिया क्रूज से पकड़ती है और रात भर NCB ऑफिस में रखने के बाद 3 अक्टूबर को उसे गिरफ्तार दिखाया जाता है। पंचनामे के मुताबिक, आर्यन यह कबूल करता है कि उसने ड्रग्स ली थी। दो बार जमानत अर्जी खारिज होने के बाद 8 अक्टूबर को उसे मुंबई की आर्थर रोड जेल में भेज दिया जाता है और बॉम्बे हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद उसे 29 अक्टूबर को जेल से रिहा कर दिया गया।

2. किरण गोसावी
आर्यन खान की गिरफ्तारी के बाद एक तस्वीर सामने आई। इसमें किरण गोसावी नाम का एक शख्स उसके साथ सेल्फी लेता नजर आया। ये तस्वीर रेड के ठीक बाद ली गई थी। शुरू में गोसावी को NCB का अधिकारी कहा गया और यहीं से इस केस में ट्विस्ट आया। गोसावी असल में एक स्वतंत्र गवाह था। NCP नेताओं ने दावा किया कि गोसावी एक प्राइवेट डिटेक्टिव है। उसके खिलाफ 2018 में पुणे में धोखाधड़ी का मामला भी दर्ज हुआ था। इसके बाद लगातार गोसावी के खिलाफ दर्ज चार मामलों का पता चला और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल वह पुणे पुलिस की कस्टडी में है।

3. नवाब मलिक
गोसावी की सच्चाई सबसे पहले महाराष्ट्र सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री नवाब मालिक सामने लेकर आए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि गोसावी एक प्राइवेट डिटेक्टिव है और उसके खिलाफ पुणे और महाराष्ट्र के कुछ अन्य शहरों में उगाही और धोखाधड़ी के केस दर्ज हैं। नवाब मलिक लगातार क्रूज ड्रग्स केस, समीर वानखेड़े, भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस, भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेता मोहित कंबोज को लेकर खुलासे कर रहे हैं। वे इन सभी को ड्रग्स केस का मास्टरमाइंड बता रहे हैं। मलिक के खुलासों के बाद ड्रग्स केस का ट्रैक चेंज हो चुका है और NCB अब इस केस में कार्रवाई की जगह मलिक के लगाए आरोपों की जांच कर रही है।

4. समीर वानखेड़े
इस केस की अगली और महत्वपूर्ण कड़ी है NCB के मुंबई जोन के डायरेक्टर समीर वानखेड़े। पहली बार समुद्र के बीच में ड्रग्स पार्टी का खुलासा कर हीरो बने वानखेड़े अब धीरे-धीरे विवादों में घिरते जा रहे हैं। नवाब मलिक ने उन पर वसूली करने से लेकर झूठे मामले में लोगों को फंसाने तक का आरोप लगाया है। मलिक के मुताबिक, वानखेड़े ने आर्यन का अपहरण किया और उनके इशारे पर शाहरुख के स्टाफ से 25 करोड़ की फिरौती मांगी गई। इसके अलावा वानखेड़े पर लाखों के सूट-बूट पहनने का भी आरोप लगा है। वानखेड़े इस मामले में लगातार सफाई पेश कर रहे हैं और फिलहाल आर्यन समेत 6 मामलों की सीधी जांच से उन्हें हटा दिया गया है।

5. प्रभाकर सइल
किरण गोसावी का बॉडीगार्ड प्रभाकर सइल भी इस केस की महत्वपूर्ण कड़ी है। उसने ही NCB अधिकारी समीर वानखेड़े पर उगाही के खेल में शामिल होने का आरोप लगाया है। प्रभाकर ने कहा था कि उसने किरण गोसावी को शाहरुख के स्टाफ से 25 करोड़ की रिश्वत मांगते हुए सुना और उनके बीच 18 करोड़ में डील फाइनल हुई थी। उसके आरोप के बाद NCB की विजिलेंस टीम की इस केस में एंट्री हुई और इस केस का रुख बदल गया।

6. सैम डिसूजा
किरण गोसावी और समीर वानखेड़े पर वसूली का आरोप लगाने वाले प्रभाकर सइल ने अपने हलफनामे में सैम डिसूजा का नाम लिया है। उसने बताया कि आर्यन खान और सैम डिसूजा की फोन पर बात कराने के बाद किरण गोसावी ने शाहरुख खान की मैनेजर पूजा ददलानी से मुलाकात की थी। उस वक्त पूजा ददलानी के साथ सैम डिसूजा भी था। सैम ने ही शाहरुख के स्टाफ से 50 लाख रुपए लिए थे। हालांकि सैम ने एक इंटरव्यू में कहा कि इस खेल का मास्टरमाइंड किरण गोसावी है।

7. अचित कुमार
एनसीबी ने क्रूज से आर्यन खान, अरबाज मर्चेंट, मुनमुन धमेचा समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आर्यन और अरबाज ने अचित कुमार का नाम लिया था। अचित को ड्रग पैडलर बताया जाता है। एनसीबी के अनुसार अचित रेगुलर अरबाज और आर्यन को ड्रग्स की सप्लाई करता था। अदालत में भी आर्यन की ओर से कहा गया कि वे अचित कुमार के संपर्क में थे। आर्यन की कुछ ड्रग चैट भी अचित कुमार के साथ मिली थी।

8. अनन्या पांडे
अभिनेत्री अनन्या पांडे का नाम आर्यन खान की वॉट्एसऐप चैट से सामने आया है। एनसीबी की जांच में मालूम चला है कि आर्यन और अनन्या के बीच ड्रग्स को लेकर काफी चर्चा होती थी। अनन्या भी आर्यन को कई तरह के ड्रग्स उपलब्ध कराती थीं। अनन्या से भी एनसीबी कई बार पूछताछ कर चुकी है।

9. मोहित कंबोज
इस केस का अगला किरदार है भाजपा के नेता मोहित कंबोज उर्फ मोहित भारतीय। नवाब मलिक ने आरोप लगाया है कि NCB ने इनके साले को क्रूज से पकड़ा था, लेकिन भाजपा के एक केंद्रीय मंत्री के कहने पर उसे और दो अन्य को छोड़ दिया गया। मलिक ने यह भी आरोप लगाया कि कंबोज इस ड्रग्स केस के मास्टरमाइंड हैं और उनके साले ने ही आर्यन को फंसाने के लिए उसे क्रूज पर बुलाया था। मलिक के मुताबिक, मोहित और समीर वानखेड़े में अच्छी दोस्ती है और उनके द्वारा आरोप लगाने के बाद दोनों मिले थे।

मोहित कंबोज भाजपा की मुंबई इकाई के महासचिव हैं। उनके खिलाफ सीबीआई की आर्थिक अपराध शाखा जांच कर रही है। कंबोज 2016 से 19 के बीच भारतीय जनता पार्टी की मुंबई युवा शाखा के अध्यक्ष भी थे। अगस्त 2019 में उन्हें मुंबई भाजपा का महासचिव नियुक्त किया गया था।

10. सुनील पाटिल
इस केस का अगला किरदार है सुनील पाटिल। इसका नाम सबसे पहले सैम डिसूजा ने एक इंटरव्यू में लिया था। डिसूजा के मुताबिक, पाटिल के कहने पर ही वह क्रूज रेड में शामिल हुआ था। पाटिल को भाजपा नेता मोहित कंबोज ने एनसीपी का पदाधिकारी बताते हुए ड्रग्स केस का मास्टरमाइंड बताया था। हालांकि, सुनील पाटिल ने खुद को इस केस का पीड़ित बताया। सुनील पाटिल के मुताबिक, क्रूज पर छापा डलवाने में मनीष भानुशाली ने उससे मदद मांगी थी और सैम डिसूजा का नंबर उसने मनीष भानुशाली और उनके साथियों को दिया था। पाटिल का कहना है कि उसे दिल्ली बुलाकर उसके साथ मारपीट की गई और मुंह न खोलने की धमकी दी गई थी।

11. काशिफ खान
काशिफ खान को नवाब मलिक ने क्रूज ड्रग पार्टी का आयोजक बताया था। मलिक के मुताबिक काशिफ खान सेक्स रैकेट, ड्रग रैकेट चलाने का आरोपी है। वह फैशन टीवी इंडिया के एमडी भी हैं। मलिक ने कहा कि काशिफ खान पर देश में कई मामले दर्ज हैं। काशिफ वानखेड़े के करीबी हैं, इसलिए उन पर कोई एक्शन नहीं लिया गया। मलिक ने काशिफ की प्रेमिका के बंदूक के साथ कुछ फोटो भी मीडिया को दिए थे। नवाब मलिक का आरोप है कि काशिफ खान कभी तिहाड़ जेल में कैद था।

12. अरबाज मर्चेट
आर्यन खान का बचपन का दोस्त है अरबाज मर्चेंट। क्रूज पर आर्यन उसके साथ ही गया था और उसके पास से NCB को ड्रग्स बरामद हुई। अरबाज के लिए कहा जाता है कि उसने आर्यन के साथ कई बार ड्रग्स का सेवन किया था। वह भी आर्यन के साथ आर्थर रोड जेल में तकरीबन 22 दिनों तक बंद था।

13. मनीष भानुशाली
मनीष भानुशाली भाजपा का नेता है और इसकी पीएम और गृहमंत्री अमित शाह संग तस्वीरें हैं। नवाब मलिक के मुताबिक, आर्यन खान के क्रूज पर होने की जानकारी मनीष भानुशाली को पहले से थी। मलिक के मुताबिक, भाजपा नेताओं के इशारे पर यह रेड अंजाम दी गई थी और भानुशाली दिल्ली में कुछ बड़े नेताओं और मंत्रियों से मिला था। हालांकि, मलिक के आरोप पर भानुशाली ने अपनी जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की थी।

14.पूजा ददलानी
पूजा ददलानी इस केस की एक महत्वपूर्ण किरदार इसलिए भी है, क्योंकि प्रभाकर सइल और सैम डिसूजा ने कहा है कि 25 करोड़ की डील की बात शाहरुख के स्टाफ से हुई थी। माना जा रहा है कि पूजा ददलानी ही शाहरुख की वह स्टाफ हैं। हालांकि, अभी तक उनकी ओर से इस पर कोई सफाई नहीं आई है। NCB की टीम उनसे दो बार पूछताछ कर चुकी है और मुंबई पुलिस ने भी पूजा को समन किया है।

15. मुनमुन धमेचा
एनसीबी ने आर्यन खान ड्रग्स केस में मुनमुन धमेचा पर ड्रग्स लेने और खरीदने-बेचने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज किया है। 39 वर्षीय फैशन मॉडल मुनमुन बिजनेस फैमिली से ताल्लुक रखती हैं। मुनमुन को एनसीबी ने 3 अक्टूबर को ड्रग्स रखने के आरोप में गिरफ्तार किया था। मध्यप्रदेश के सागर जिले की रहने वाली मुनमुन के माता-पिता का देहांत हो चुका है। वह अपने भाई प्रिंस धमेचा के साथ दिल्ली में रहती हैं।

खबरें और भी हैं…

Related Articles

Back to top button