गुना: हाथरस की घटना के विरोध में महिला कांग्रेस ने निकाला कैंडल मार्च

गुना। उत्तर प्रदेश के हाथरस में बालिका के साथ की गई हैवानियत को लेकर पूरे देश के साथ गुना में भी आक्रोष देखने को मिल रहा है। चार दरिंदों की हैवानियत का शिकार हुई बालिका की मौत के बाद बुधवार को विभिन्न संगठनों का आक्रोष फूट पड़ा। इस दौरान विरोध प्रदर्शन के साथ ज्ञापन भी सौपा गया। साथ ही सोशल मीडिया पर भी लोगों का गुस्सा देखने को मिला।

फांसी की सजा की मांग

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश के हाथरस में बालिका के साथ दुर्दान्त घटना के विरोध में राष्ट्रपति के नाम प्रशासन को ज्ञापन दिया। इस दौरान आरोपियो पर सख्त से सख्त कार्यवाही की मांग की। इस दौरान पर वक्ताओं ने कहा कि बालिका के साथ हुई घटना दिल दहलाने वाली है। ऐसे नरपिशाचों को फांसी से कम कोई सजा नहीं दी जानी चाहिए। इस दौरान विभाग संयोजक यशवर्धन भार्गव, मानसी शर्मा, स्नेहा निगम, प्रियंका सूर्यवंशी आदि मौजूद थे।

जयस्तम्भ पर किया मौन धारण
वारदात को लेकर बीती देर शाम वाल्मीक समाज एवं युवाओं ने जयस्तंभ चौराहे पर हाथों में मोमबत्ती लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन धारण कर ईश्वर से प्रार्थना की गई। इस दौरान घटना को लेकर दुख प्रगट करते हुए आरोपियों को कड़ी सजा की मांग की गई। इस मौके पर महेन्द्र वाल्मीक, राकेश वाल्मिक, सतीश वाल्मिक, विशाल वाल्मिकी, तरुण वाल्मिक, शुभम वाल्मीक, नीरज वाल्मीक, सचिन वाल्मीक, अमन वाल्मीक मौजूद थे।

महिला कांग्रेस ने निकाला कैंडर मार्च

– उत्तरप्रदेश के हाथरस में युवती के साथ दुष्कर्म और बर्बरता के विरोध में जिला मुख्यालय महिला कांग्रेस ने विरोध जताया। इस दौरान एक कैंडल मार्च निकाला गया। इसके बाद जयस्तंभ चौराहे पर महिला कांग्रेस ने सांकेतिक विरोध भी जताया। महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष सीमा यादव ने मामले में उत्तरप्रदेश की योगी सरकार और पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इस घटना में आरोपितों को पुलिस द्वारा संरक्षण दिया गया है। महिला कांग्रेस ने भाजपा की सरकारों पर महिलाओं के प्रति अपराध बढऩे का आरोप लगाया। महिला कांग्रेस के अनुसार जिन-जिन राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं वहां दलितों और महिलाओं पर गंभीर अत्याचार हो रहे हैं।

Related Articles

Back to top button