हार्दिक पांड्या ने पैपराजी पर निकाला गुस्सा, माहिका शर्मा की गलत एंगल से ली गई तस्वीरों पर नाराज
हार्दिक पांड्या ने पैपराजी के व्यवहार पर जताई नाराजगी। माहिका शर्मा की गलत एंगल से ली गई तस्वीरों को बताया अपमानजनक। क्रिकेटर ने कहा खबर नहीं, सम्मान सबसे जरूरी है।

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या इस समय साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली टी-20 सीरीज के लिए टीम इंडिया के साथ जुड़े हुए हैं। भारतीय टीम 9 दिसंबर से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज खेलेगी। इसके लिए हार्दिक स्क्वॉड का हिस्सा हैं और पहला मुकाबला कटक में खेला जाना है। मैच से पहले हार्दिक पांड्या ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर की, जिसमें उन्होंने पैपराजी के बर्ताव पर नाराजगी जताई। यह स्टोरी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल है।
माहिका शर्मा की तस्वीरों पर हार्दिक की आपत्ति
हार्दिक ने अपनी स्टोरी में बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें माहिका शर्मा की ऐसे एंगल से फोटो और वीडियो ली गई हैं जो उन्हें अनैतिक और अपमानजनक लगे। हार्दिक के मुताबिक माहिका सिर्फ मुंबई के बांद्रा स्थित एक रेस्टोरेंट की सीढ़ियां उतर रही थीं, लेकिन कुछ पैपराजी ने उन्हें गलत एंगल से शूट किया। हार्दिक ने इस हरकत को “चीप सेन्सेशनलिज्म” यानी सस्ती सनसनी फैलाने की कोशिश बताया। उन्होंने लिखा कि पब्लिक लाइफ में रहने से मीडिया का ध्यान मिलना सामान्य है, लेकिन जो हुआ उसने सभी सीमाएं पार कर दीं। हार्दिक ने कहा कि यह मामला किसी वायरल वीडियो का नहीं, बल्कि सम्मान और मर्यादा का है। उन्होंने संदेश दिया कि हर महिला सम्मान की हकदार है और मीडिया को भी कुछ स्थितियों में इंसानियत दिखानी चाहिए।
चोट से वापसी कर रहे हैं हार्दिक
हार्दिक एशिया कप के दौरान चोटिल हो गए थे, जिसके कारण वह लंबे समय से टीम से बाहर थे। अब वे फिर से टीम इंडिया के साथ जुड़े हैं और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज में खेलते नजर आएंगे।



